सार्वजनिक जगह शराब पीकर हुड़दंग करने वालों पर पुलिस का शिकंजा
दुकानों में अवैध रूप से शराब पिलाने वालों पर भी कार्रवाई, तीन स्थानों से 23 आरोपी गिरफ्तार
BOL PANIPAT , 16 सितंबर: पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण आईपीएस के कुशल नेतृत्व व मार्गदर्शन में जिला पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने वालों तथा दुकानों में अवैध रूप से बैठाकर शराब पिलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। पुलिस टीमों ने मंगलवार को जिले में तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया। सभी के खिलाफ संबंधित थानों में नियमानुसार कार्रवाई की गई।
डीएसपी सुरेश कुमार सैनी ने बताया कि थाना औद्योगिक सेक्टर-29 पुलिस टीम ने एनएफएल गेट सीआईएसएफ रोड स्थित शराब ठेके के पास सार्वजनिक स्थान पर शराब पीकर हुड़दंग करते छह आरोपियों को काबू किया। आरोपियों की पहचान विकास नगर निवासी रमेश, बिजेंद्र, मुकेश, विमल, पंकज और सुरेश के रूप में हुई।
इसी प्रकार थाना सेक्टर-13/17 पुलिस टीम ने गश्त के दौरान बबैल चौक के पास शराब पीकर हुड़दंग करते 10 आरोपियों को काबू किया। आरोपियों की पहचान चिराग, अंकित, विवेक व मोहित निवासी बराना, इसरार व नदीम निवासी कैराना शामली यूपी, अनिस व मोनू निवासी भैंसवाल, रविंद्र निवासी छोटूराम चौक तथा रणजीत निवासी एकता विहार कॉलोनी, उझा रोड के रूप में हुई।
थाना सनौली पुलिस ने निबंरी से बापौली रोड पर गांव छाजपुर कला के रकबे में स्थित शराब ठेके के पास सार्वजनिक स्थान पर शराब पीकर हुड़दंग करते पांच आरोपियों को काबू किया। वहीं दुकान में अवैध रूप से बैठाकर शराब पिलाने वाले दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। शराब पीकर हुड़दंग करने वाले आरोपियों की पहचान निबंरी निवासी विक्रांत, नवादा आर निवासी नवीन, छाजपुर कला निवासी सतेंद्र उर्फ काला, दतौली निवासी वंश उर्फ नीरज और छाजपुर निवासी सागर के रूप में हुई। दुकान में अवैध रूप से बैठाकर शराब पिलाने वाले आरोपियों की पहचान छाजपुर कला निवासी अमित और शेलेंद्र के रूप में हुई।
डीएसपी सुरेश कुमार सैनी ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने से आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ता है और शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होती है। ऐसे लोगों के खिलाफ जिला पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। सार्वजनिक स्थानों पर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। आमजन भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
जिला पुलिस द्वारा सार्वजनिक स्थान पर शराब पीकर आमजन को परेशान करने अथवा हुड़दंग करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे स्थानों पर पुलिस की टीमें लगातार गश्त कर निगरानी रख रही हैं।

Comments