Monday, May 18, 2026
Newspaper and Magzine


पुलिस आमजन के सहयोग से अपराध को करेगी नियंत्रित. पुलिस अधीक्षक खुद करेंगे हर कार्य की मॉनिटरिंग.

By LALIT SHARMA , in Uncategorized , at August 24, 2024

-पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह मीडिया से रूबरू हुए, कहा कानून एवं व्यवस्था को बनाए रखने को दी जाएगी प्राथमिकता.

-शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर संबंधित विभागों के साथ मिलकर अतिक्रमण के खिलाफ चलाया जाएगा अभियान.

BOL PANIPAT : 24 अगस्त 2024, पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह (आईपीएस) शनिवार को जिला सचिवालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में मीडिया से रूबरू हुए। उन्होंने 17 अगस्त को जिला पुलिस अधीक्षक का कार्यभार संभाला है।
पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने बताया कि कार्यभार संभालने के बाद उनके द्वारा शहर के थानों का औचक निरीक्षण किया गया है। इस दौरान उनके द्वारा थाना प्रभारियों को कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने संबंधित आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। इसके साथ थाना व चौकी में शिकायत लेकर आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ अच्छा व्यवहार करने व उनकी शिकायत को गंभीरता से सुनने व निवारण करने की सख्त हिदायत दी गई है।
उन्होनें कहा कि प्रत्येक शिकायत का फीडबैक लिया जाएगा। इसको लेकर अलग से एक टीम लगाई है। यह टीम शिकायतकर्ता से बात कर पुलिस कार्रवाई के बारे में जानकारी लेंगी। चोरी, वाहन चोरी के मामलों को सुलझाने के साथ इन अपराधों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गुमशुदा बच्चों, नाबालिंग व व्यस्कों की तलाश के लिए पुलिस त्वरित हर संभव प्रयास करेंगी। मादक पदार्थ तस्करी की वारदातों पर अंकुश लगा तस्करों पर नकेल कसी जाएगी। जुआ, सट्टा खाइवाली सहित अवैध काम करने वालों पर पूर्ण रूप से नकेल कसी जाएगी।

पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने इस दौरान शहर की यातायात व्यवस्था के संबंध में पूछे गए एक सवाल के जबाब में कहा कि शहर में यातायात की समस्या गंभीर है। यह सब अतिक्रमण के चलते है। उन्होंने शहर का दौरा करते समय खुद इसको महसूस किया है। इसकों लेकर पुलिस द्वारा संबंधित विभाग को साथ लेकर अभियान चलाया जाएगा। सर्विस लेन को खाली कराया जाएगा। यहां खड़े वाहनों को हटवाया जाएगा। ऐसे वाहन चालकों के चालान भी किए जाएंगे। इसके साथ रॉन्ग साइड में चलने वाले वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने कहा कि पुलिस आमजन के साथ मिलकर कानून एवं व्यवस्था को बनाए रखने के लिए और बेहतर प्रयास करेंगी। पुलिकर्मियों को आमजन के साथ सही से व्यवहार करना होगा। लोगों से भी अपील है कि इसमें पुलिस का सहयोग बनाकर रखें। चौकी या थाना में शिकायत पर कार्रवाई नही होती या कार्रवाई से संतुष्ट नही होते तो वे सीधे उनके कार्यालय में उनसे मिल सकते हैं।
उनके द्वारा सभी पुलिसकर्मियों को ईमानदारी के साथ अपनी ड्यूटी करने बारे सख्त हिदायत दी गई है। सभी पुलिसकर्मी आमजन की सुरक्षा और सहयोग पर ध्यान दें। इसमें लापरवाही मिलने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने आमजन से अपील करते हुए कहा की वे झूठी शिकायत न दे। इससे पुलिस का समय बर्बाद होने के साथ ही गंभीर मामलों की जांच का कार्य भी प्रभावित होता है। पुलिस जांच में शिकायत झूठी मिलने पर संबंधित व्यक्तित के खिलाफ बीएनएस की धारा 217 के तहत कार्रवाई की जा सकती है।

अपराधियों की गतिविधियों पर रखी जाएगी नजर

पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस गैंगस्टर और उनके सहयोगियों पर नजर रखे हुए हैं। ऐसे लोगों पर तुरंत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने इसको लेकर सीआईए टीम इंचार्जो की अलग से बैठक लेकर विशेष रूप से निर्देश दिए है। हत्या की ब्लाइंड वारदात व अन्य वारदातों को पुलिस प्रमुखता के साथ सुलझाएगी। इसके साथ ही मोस्ट वांटेड और पुराने मामलों के आरोपियों को गिरफ्तार करना पुलिस की प्रमुखता रहेंगी।

डायल 112 या कंट्रोल रूम को दें सूचना

पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने बताया कि आमजन की सुरक्षा और सहयोग के लिए पुलिस तत्पर है। आमजन किसी तरह के अपराध का अंदेशा होने या घटीत होने पर पुलिस कंट्रोल रूम या फिर डायल 112 पर सूचना दें। इसके साथ सभी थाना, चौकी प्रभारी, डीएसपी और स्वयं उनका मोबाइल नंबर पानीपत पुलिस की वेबसाइट पर उपलब्ध है। वे इन नंबरों पर भी सूचना दे सकते हैं। रात के समय पुलिस की गश्त बढ़ाई जाएगी। इसके साथ उत्तर प्रदेश की सीमा के साथ सटे थाना समालखा, बापौली और सनौली क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाएगी। जिला को अपराध मुक्त बनाने व कानून व्यवस्था को दुरूस्त बनाए रखने के लिए हर संभव कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पानीपत पुलिस द्वारा विधानसभा आम चुनाव को भय मुक्त व निष्पक्ष माहौल में संपन्न कराने को लेकर तैयारी कर ली है। इसके लिए केंद्रीय सुरक्षा बल और हरियाणा पुलिस की कंपनी भी जल्द ही पानीपत पहुंचेंगी। पुलिस ऑब्जर्वर की देखरेख में पुलिस चुनाव को लेकर बेहतर व्यवस्था करेगी। उन्होंने मीडिया कर्मियों से भी विधानसभा चुनाव में किसी प्रकार की सूचना या समाचार को पहले पुख्ता करने की अपील की।

पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह भारतीय पुलिस सेवा हरियाणा कैडर के 2014 बैच के अधिकारी है। वे स्वच्छ छवि के जनप्रिय तथा आमजन के कार्यो के लिए समर्पित पुलिस अधिकारी के तौर पर जाने जाते है। पुलिस अधीक्षक महोदय स्वभाव से काफी मिलनसार है। लेकिन मोस्ट वांटेड अपराधियों के लिए सिरदर्द बने रहते है।

Comments