पुलिस लाइन में पुलिसकर्मियों ने सूर्य नमस्कार का अभ्यास किया.
BOL PANIPAT , 16 जनवरी : पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के नेतृत्व में शुक्रवार को पुलिस लाइन में सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य, अनुशासन और मानसिक सुढ़ता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पुलिसकर्मियों द्वारा सूर्य नमस्कार का सामूहिक अभ्यास किया । कार्यक्रम का आयोजन प्रातःकालीन समय में किया गया। योग प्रशिक्षकों की देखरेख में सूर्य नमस्कार के विभिन्न चरणों का अभ्यास कराया गया तथा इसके शारीरिक और मानसिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक वार्म-अप से हुई, जिसके पश्चात सभी प्रतिभागियों ने निर्धारित क्रम में सूर्य नमस्कार के 12 आसनों का अभ्यास किया। 270 पुलिसकर्मियों ने कार्यक्रम में हिस्सा लेकर सूर्य नमस्कार का सामूहिक अभ्यास किया।
आयुष विभाग में तैनात योग प्रशिक्षक प्रवीन कुमार, ज्योति, नीलीमा व प्रवीन ने प्रत्येक आसन की सही विधि, श्वसन प्रक्रिया तथा सावधानियों के बारे में बताया, ताकि अभ्यास सुरक्षित और प्रभावी ढंग से किया जा सके। इसी के साथ ऑट ऑफ लिविंग से पहुंचे गोतम सेतिया व चिराग लाकड़ा ने पुलिसकर्मियों को मेडिटेशन का अभ्यास कराया।
डीएसपी मुख्यालय सतीश वत्स ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस का कार्य अत्यंत चुनौतीपूर्ण और तनावपूर्ण होता है। लंबे समय तक ड्यूटी और अनियमित दिनचर्या के चलते स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। ऐसे में योग, विशेषकर सूर्य नमस्कार, शरीर को ऊर्जावान रखने, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और मानसिक संतुलन बनाए रखने में सहायक सिद्ध होता है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से नियमित रूप से योग एवं व्यायाम को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।
इस मौके पर लाइन ऑफिसर इंस्पेक्टर सत्यवान, भलाई शाखा में तैनात एएसआई जयभगवान व अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Comments