निष्पक्ष व शांतिपूर्ण परीक्षा के लिए तैयारियां तेज, सीसीटीवी, जैमर और फिंगरप्रिंट व्यवस्था पर रहेगा फोकस: अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे
नीट परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, सभी केंद्रों पर सुरक्षा और सुविधाओं की होगी कड़ी निगरानी
पेपर वितरण से लेकर अभ्यर्थियों की सुविधा तक हर पहलू पर मंथन, एडीसी ने दिए सख्त निर्देश
नीट परीक्षा में पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता, परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाएं जल्द दुरुस्त करने के आदेश
BOL PANIPAT , 11 जून। जिले में होने जा रही राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से वीरवार को जिला सचिवालय सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने की। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ परीक्षा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा जिले में बनाए गए सभी सात परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने अधिकारियों से प्रत्येक परीक्षा केंद्र की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने टॉयलेट, पेयजल, बेंच, घड़ी, बाथरूम तथा साफ-सफाई सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए सभी कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए।
एडीसी ने कहा कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं। बैठक में प्रश्न पत्रों के सुरक्षित संग्रहण, वितरण एवं परीक्षा उपरांत उनकी वापसी की प्रक्रिया पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पेपर वितरण और कलेक्शन की पूरी प्रक्रिया निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ संपन्न कराई जाए।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा की विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षा और निगरानी के सभी प्रबंध पूरी सतर्कता के साथ किए जाएं ताकि परीक्षा निष्पक्ष एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके।
बैठक में परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों, जैमर तथा फिंगरप्रिंट सत्यापन व्यवस्था को लेकर विशेष चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी तकनीकी व्यवस्थाओं की समय रहते जांच कर उनकी कार्यशीलता सुनिश्चित की जाए ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी बाधा उत्पन्न न हो। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित फोटोकॉपी एवं फोटोस्टेट की दुकानों को परीक्षा के दिन बंद रखने के निर्देश भी दिए गए, ताकि किसी प्रकार की अनियमितता या गोपनीयता भंग होने की संभावना न रहे।
अभ्यर्थियों के साथ आने वाले अभिभावकों एवं परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए संबंधित केंद्र अधीक्षकों को परीक्षा के दिन पेयजल तथा बैठने एवं प्रतीक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर एसडीएम समालखा अमित कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. किरण, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मनी त्यागी, नगराधीश टीनू पोसवाल, जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments