Monday, June 1, 2026
Newspaper and Magzine


मतदाता सूचियों को लेकर 17 अक्टूबर से दर्ज होंगे दावे तथा आपत्तियां।

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at September 12, 2023 Tags: , , , ,

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी वीरेंद्र कुमार दहिया ने दी निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों और राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक।

राजनैतिक दल भी नए वोट बनवाने के लिए करें लोगों को प्रेरित।

BOL PANIPAT : , 12 सितंबर। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पहली जनवरी 2024 को आधार तिथि मानकर जिला में मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत सर्वे कराया गया है,जिसके चलते आगामी 17 अक्टूबर से 30 नवंबर, 2023 तक दावे तथा आपत्तियां प्राप्त की जाएगी। यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी वीरेंद्र कुमार दहिया ने दी।
उन्होंने बताया कि आगामी 21 व 22 अक्टूबर 2023 तथा 4 व 5 नवम्बर 2023 को विशेष अभियान तिथियां निर्धारित की गई है। इन विशेष तिथियों में सभी बूथ लेवल अधिकारी(बीएलओ) अपने-अपने मतदान केंद्रों पर सुबह 9 बजे से सायं 5 बजे तक उपस्थित रहकर फार्म प्राप्त करेंगे। उन्होंने बताया कि 26 दिसंबर तक दावों एवं आपत्तियों का निपटान करने उपरांत 5 जनवरी 2024 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया जाएगा।
डीसी ने बताया कि कोई भी व्यक्ति जिसकी आयु एक जनवरी 2024 को 18 वर्ष या इससे अधिक होगी वह फार्म नंबर 6 भरकर संबंधित बीएलओ या जिला निर्वाचन कार्यालय में जमा करवा सकता है। इसके अलावा एनआरआई मतदाता वोट बनवाने के लिए फार्म नंबर 6 ए, आधार से वोटर कार्ड को लिंक करने के लिए फार्म 6बी, मतदाता द्वारा अपनी वोट कटवाने हेतु फार्म नंबर 7 तथा बनी हुई वोट में शुद्धि हेतु फार्म नंबर 8 भर कर जमा करवा सकते हैं। ये सभी कार्य ऑनलाइन भी किए जा सकते हैं। इसके लिए एचटीटीपीएस://वोटर्सडॉटइसीआईडॉटजीओवीडॉटइन पोर्टल या वोटर हेल्पलाइन मोबाइल एप का भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉक्टर वीरेंद्र कुमार दहिया ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वह संबंधित बीएलओ के साथ अपने बूथ लेवल एजेंट का समन्वय स्थापित करें ताकि मतदाता सूचियां में नए नाम जोड़े जा सके और पात्र व्यक्तियों के वोट बनाए जा सके। उन्होंने निर्वाचन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए की सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूचियों की प्रति भी उपलब्ध करवाए ताकि यदि इसमें कोई त्रुटि है तो उसे ठीक किया जा सके। इस बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त वीना हुड्डा, एसडीएम समालखा अमित कुमार, तहसीलदार निर्वाचन सुदेश राणा, कांग्रेस पार्टी की तरफ से पूर्व मंत्री विजेंद्र सिंह कादियान,इनेलो की ओर से राजेंद्र सिंह ने भाग लिया।

Comments