Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


समाधान शिविरों में दर्ज शिकायतों पर हो रही त्वरित कार्यवाही: उपायुक्त डॉ. विरेंद्र कुमार दहिया

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at October 31, 2025 Tags: , , , , , ,

-शिकायतों के निपटारे में हर विभाग दिखाएगा तत्परता, जनसमस्याओं का होगा स्थायी समाधान

-श्रम विभाग के प्रिंसिपल सेके्रटरी राजीव रंजन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की समीक्षा बैठक

BOL PANIPAT, 31 अक्टूबर। हरियाणा सरकार के श्रम विभाग के प्रिंसिपल सेक्रेटरी राजीव रंजन (आईएएस) ने शुक्रवार को प्रदेश के सभी उपायुक्तों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से समाधान शिविरों में दर्ज की जा रही शिकायतों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का समाधान समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से किया जाए।

बैठक में उपायुक्त डॉ. विरेंद्र कुमार दहिया ने बताया कि जिले में आयोजित समाधान शिविरों के माध्यम से प्रशासन लोगों की समस्याओं को न केवल सुन रहा है, बल्कि उनका स्थायी समाधान भी कर रहा है। उन्होंने कहा, समाधान शिविर सरकार और जनता के बीच एक सशक्त संवाद का माध्यम हैं। हमारा लक्ष्य केवल शिकायत दर्ज करना नहीं, बल्कि उसका त्वरित निपटारा सुनिश्चित करना है। प्रत्येक अधिकारी को यह ध्यान रखना होगा कि किसी भी नागरिक को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। शिकायतकर्ता को न्याय मिले, यही हमारी प्राथमिकता है।

उपायुक्त ने कहा कि यह पहल शासन की पारदर्शी व संवेदनशील कार्यप्रणाली का उदाहरण है। इन शिविरों से न केवल नागरिकों का भरोसा बढ़ा है, बल्कि प्रशासनिक तंत्र की कार्यक्षमता में भी काफी हद तक सुधार आया है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति की शिकायत सरकार के लिए एक जिम्मेदारी है, और समाधान शिविर इस जिम्मेदारी को निभाने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं।

उपायुक्त ने कहा कि जिले में अब तक प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही की जा रही है और शेष पर भी प्राथमिकता से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविरों में आने वाली शिकायतों का निपटारा कम से कम दिनों के भीतर किया जाए।

नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त विवेक चौधरी ने बताया कि निगम से संबंधित शिकायतों पर तेजी से कार्रवाई की जा रही है, ताकि नागरिकों को त्वरित राहत मिले। उन्होंने कहा कि जन कल्याण से जुड़ी शिकायतों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस अवसर पर एसडीएम मनदीप कुमार, सीईओ डॉ. किरण सिंह, नगराधीश टीनू पोसवाल, सीएमओ डॉ. विजय मलिक, डीएसपी राजबीर, डीडीपीओ राजेश शर्मा, डीएफएससी नीतू, जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता करण बहल, आरओ भूपेंद्र सिंह, डीएचओ शार्दुल शंकर, तथा पशुपालन विभाग के एसडीओ भगवान दास सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments