Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


पीआरपीसी ने 64वां इंडियनऑयल दिवस उत्साहपूर्वक एवं उद्देश्यपूर्ण ढंग से मनाया

By LALIT SHARMA , in Business , at September 2, 2023 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT :- 2 सितम्बर, 2023
पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स (पीआरपीसी) ने 1 सितंबर, 2023 को 64वां इंडियन ऑयल दिवस बहुत ही उत्साहपूर्वक मनाया। इस दिवस को उद्देश्यपूर्ण बनाने हेतु आज सुबह से ही एम एल डहरिया, कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख (पीआरपीसी) के नेतृत्व में पीआरपीसी परिवार के सदस्यों द्वारा वॉकथॉन, स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण आदि कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसके साथ ही रेड क्रॉस सोसाइटी, पानीपत के सहयोग से एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया जिसमें 100 से अधिक कर्मचारियों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। इसके अलावा, डहरिया ने एक कल्याणकारी पहल के रूप में जरूरतमंदों के लिए कपड़ों से भरे एक मिनी ट्रक को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने पीआर क्यूसी लैब में नव स्थापित एक्ससीपी सीएफआर ऑक्टेन एनालाइज़र का भी उद्घाटन किया।

इस सुअवसर पर टीम पीआरपीसी कॉर्पोरेट कार्यालय से प्रसारित समारोह में लाइव जुड़कर शामिल हुई। इसके बाद, पीआरपीसी की ओर से मुख्य कार्यक्रम एमसीआर, पीएनसी में शुरू हुआ जिसे पीआरपीसी के सभी कर्मचारीगण तथा उनके परिवार के सदस्यों के लिए ज़ूम लिंक के माध्यम से लाइव वेबकास्ट भी किया गया।

इस अवसर पर डहरिया ने हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज का दिन सभी आईओसीवासियों के लिए भारत की प्रमुख और विश्व स्तर पर प्रशंसित ऑयल कंपनी का हिस्सा बनने पर गर्व का दिन है। यह वास्तव में हम सभी के लिए बहुत गर्व की बात है। श्री डहरिया ने उन पूर्ववर्तियों को याद किया और उन्हें सलाम किया, जिन्होंने एक मजबूत नींव रखी और उत्कृष्टता का रास्ता भी दिखाया। उन्होंने गर्व से उल्लेख किया कि इंडियन ऑयल के उच्च प्रबंधन ने हमेशा टीम पीआरपीसी पर भरोसा रखा और विशेष रूप से हरित ऊर्जा उत्पादन और भारत और इंडियन ऑयल को आत्मनिर्भर बनाने वाली नई प्रौद्योगिकी परियोजनाओं की स्थापना के क्षेत्र में अधिकांश चुनौतीपूर्ण कार्य पीआरपीसी को सौंपे। उन्होंने टीम पीआरपीसी को प्रेरित करते हुए कहा कि खुद को मजबूत करें और खुद में भारतीय सैनिकों की तरह ‘ऑलवेज ऑन ड्यूटी’ का जज़्बा खोजें, जो कभी भी ऑफ-ड्यूटी नहीं होते हैं, ताकि विकास की पराकाष्ठा हासिल की जा सके। श्री डहरिया ने पीआरपीसी की लाभप्रदता बढ़ाने के लिए अधिकतम सुझाव देने वाले सात कर्मचारियों और इन सबको प्रेरणा देने के लिए उनके विभाग प्रमुख को भी सम्मानित किया ।

इस अवसर पर कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष तथा आफिसर्स एसोसिएशन के सचिव ने भी गर्व से संबोधित करते हुए हार्दिक शुभकामनाएं दीं और आश्वासन दिया कि वे इंडियनऑयल को दुनिया की नंबर एक ऊर्जा कंपनी बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। शाम को एक सम्मान कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया जिसमें श्री डहरिया ने पूर्व आईओसीयन, मेधावी छात्रों, दीर्घ सेवा पुरस्कार प्राप्त करने वालों को सम्मानित किया।

Comments