पीआरपीसी में हिन्दी दिवस समारोह का उत्साहपूर्वक आयोजन
BOL PANIPAT , 15 सितम्बर, 2022, पीआरपीसी में हिन्दी दिवस का उद्घाटन कार्यक्रम दिनांक 14 सितंबर, 2022 किया गया। पीआरपीसी इस उद्घाटन कार्यक्रम मे रिफ़ाइनरी मुख्यालय के साथ ऑनलाइन हो कर जुड़ा। इस अवसर पर इंडियनऑयल के निदेशक (रिफाइनरीज) शुक्ला मिस्त्री ने सभी को गृह मंत्रालय द्वारा जारी राजभाषा प्रतिज्ञा दिलाई। साथ ही पीआरपीसी के कर्मचारियों ने निदेशक (रिफाइनरीज) के सम्बोधन को सुना। इस उद्घाटन कार्यक्रम को स्थानीय स्तर पर भी जूम लिंक के माध्यम से प्रसारित किया गया।
तत्पश्चात स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम का शुभारंभ जॉयदीप चौधरी, मुख्य महाप्रबंधक (परियोजना) ने मुख्य-महाप्रबंधकगण एवं वरिष्ठ अधिकारीगण गरिमामयी उपस्थिति में किया। इस अवसर पर रंजन कुमार महापात्र, निदेशक (मानव संसाधन), इंडियन ऑयल के हिन्दी दिवस संदेश का वाचन मुकुल अग्रवाल, मुख्य-महाप्रबन्धक (पी एंड यू.- आइ) ने किया तथा रश्मि तिरु, मुख्य-महाप्रबन्धक (मानव संसाधन) ने हिन्दी दिवस के अवसर अपनी शुभकामनाएँ दी ।

अपने संदेश में जॉयदीप चौधरी ने पीआरपीसी में हिन्दी अनुभाग की सराहना करते हुए कहा कि अनुभाग राजभाषा हिन्दी के प्रचार-प्रसार में बहुत उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। उन्होने आगे कहा कि आज के इस पावन अवसर पर हम प्रण लें, कि आज से ही हम सभी हिन्दी के प्रति और अधिक समर्पण भाव से हिन्दी में ही कार्य करेंगे। राजभाषा हिन्दी भारत की समृद्ध, सरल एवं सबसे अधिक बोली जाने वाली भाषा है। अत: हम सबको अपने संवैधानिक कर्तव्य की पालना करते हुए गर्व से हिन्दी को अपनाना है तथा अपना कार्य हिन्दी में ही करना है।
गौरतलब है कि हिन्दी दिवस के उपलक्ष्य में पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स (पीआरपीसी) में 14 से 29 सितम्बर, 2022 तक हिंदी पखवाड़ा मनाया जा रहा है जिसमें कर्मचारियों, उनके परिवार के सदस्यों, सीआईएसएफ़ जवानों तथा स्कूली बच्चों के लिए बहुत सी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

Comments