जनभागीदारी से विकास को मिलेगी नई गति, सभी वार्डों में होंगी वार्ड समिति की बैठकें : मेयर कोमल सैनी
वार्ड नं. 25 एवं 26 की बैठक में विकास कार्यों, सफाई व्यवस्था एवं जनसमस्याओं की हुई समीक्षा
BOL PANIPAT, 28 जुलाई। नगर निगम पानीपत की मेयर कोमल सैनी ने वार्ड नं. 25 एवं 26 की वार्ड समिति की बैठक आयोजित कर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों, सफाई व्यवस्था तथा जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में वार्ड पार्षदों, वार्ड समिति के सदस्यों एवं निगम अधिकारियों के साथ क्षेत्र की आवश्यकताओं और समस्याओं पर सार्थक चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए मेयर कोमल सैनी ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल विकास कार्य करवाना नहीं, बल्कि विकास की प्रक्रिया में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना भी है। वार्ड समितियां स्थानीय स्तर पर समस्याओं की पहचान, सुझावों के आदान-प्रदान और उनके त्वरित समाधान का प्रभावी मंच हैं।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास, सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए सभी के सुझाव अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। बैठक में प्राप्त सुझावों और मांगों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों के माध्यम से पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
मेयर कोमल सैनी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए तथा नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए। उन्होंने वार्ड पार्षदों, समिति सदस्यों एवं निगम अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी बल दिया।
मेयर ने घोषणा करते हुए कहा कि इसी प्रकार नगर निगम के सभी वार्डों में वार्ड समिति की बैठकें आयोजित की जाएंगी। प्रत्येक वार्ड की समस्याओं, विकास कार्यों और जनसुविधाओं की अलग-अलग समीक्षा कर स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप कार्ययोजना तैयार की जाएगी, ताकि शहर के हर क्षेत्र का संतुलित और समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने कहा कि जनता के सुझाव और सहयोग ही नगर निगम की सबसे बड़ी शक्ति हैं। जनभागीदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ पानीपत को स्वच्छ, सुंदर और विकसित शहर बनाने के लिए नगर निगम निरंतर कार्य कर रहा है।
बैठक में संबंधित वार्ड 25 से पार्षद मंजीत कौर, वार्ड 26 से पार्षद कुसुम भट्ट,मंडल अध्यक्ष अतर सिंह प्रजापति सहित वार्ड समिति के सदस्य एवं नगर निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments