जनता की सुरक्षा और सुगम यातायात हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता : मेयर कोमल सैनी
पानीपत के प्रमुख स्थानों पर लगाए गए हाईटेक सीसीटीवी कैमरे, ट्रैफिक व्यवस्था होगी और अधिक मजबूत व सुरक्षित
BOL PANIPAT । मेयर कोमल सैनी ने कहा कि शहरवासियों की सुरक्षा, सुगम यातायात व्यवस्था और कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा शहर के प्रमुख स्थानों पर हाईटेक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों के माध्यम से ट्रैफिक गतिविधियों पर 24 घंटे सतत निगरानी रखी जाएगी, जिससे दुर्घटनाओं, अव्यवस्था और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा।
मेयर ने कहा कि “जनता की सुरक्षा हमारे लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है। शहर में ऐसा वातावरण बनाना हमारा लक्ष्य है, जहाँ नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस करें और यातायात व्यवस्था व्यवस्थित व अनुशासित रहे।” उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा लगभग 20 लाख रुपए की लागत से इन हाईटेक कैमरों को लगाने का कार्य पूर्ण किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि इन आधुनिक कैमरों की सहायता से ओवरस्पीडिंग, अवैध पार्किंग, गलत दिशा में वाहन चलाने तथा ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों की तुरंत पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जाम की स्थिति बनने पर संबंधित विभागों को तुरंत सूचना देकर यातायात को सुचारू किया जाएगा।
मेयर ने कहा कि शहर को स्मार्ट, सुरक्षित और आधुनिक बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। तकनीक के माध्यम से अपराध नियंत्रण, सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन को नई मजबूती मिलेगी, जिसका सीधा लाभ आम नागरिकों को प्राप्त होगा।
इन प्रमुख स्थानों पर लगाए गए हाईटेक कैमरे :
टीडीआई फ्लायओवर के पास टोल प्लाजा की तरफ
राधा स्वामी सत्संग भवन के सामने
बरसत रोड मोड़ पर PVR के सामने
डेरा बाबा जोध सचियर के सामने
नई अनाज मंडी के सामने
ऑफिसर कॉलोनी के सामने तहसील कैंप कट के पास

Comments