गरीब पात्रों के राशन कार्ड काटने के विरोध में 16 फरवरी को होगा विशाल विरोध प्रदर्शन – संजय अग्रवाल
BOL PANIPAT : आज पानीपत शहर विधानसभा के कांग्रेस कार्यालय में पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी संजय अग्रवाल जी द्वारा प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया इस दौरान कांग्रेस नेता संजय अग्रवाल ने बताया कि जिस प्रकार से पानीपत शहर के अंदर 10 हजार परिवारों के राशन कार्ड काटकर कम से कम 50 हजार लोगों को राशन से वंचित करने का काम आज बीजेपी सरकार ने किया है। जिस कारण शहरवासियों की आवाज उठाने के लिए 16 फरवरी को सुबह 9 बजे से 12 बजे तक सांकेतिक भूख हड़ताल लाल बत्ती चौक पर की जाएगी। उसके बाद पैदल मार्च निकालते हुए पानीपत उपायुक्त को ज्ञापन दिया जाएगा। इसके साथ जिस प्रकार से मौजूदा सरकार ने फैमिली आईडी में लोगों की गलत इनकम दिखाकर राशन कार्ड काट दिया गया है। लोगों का फैमिली आईडी में गलत इनकम होने के कारण आयुष्मान कार्ड नहीं बन पा रहे हैं। इन सभी मुद्दों के साथ विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। कांग्रेस नेता संजय अग्रवाल ने पानीपत नगर निगम को भ्रष्टाचार का अड्डा बताते हुए कहा कि आज पानीपत नगर निगम के अंदर बिना रिश्वत के किसी का मृत्यु प्रमाण पत्र भी नहीं बनता। फिर भी सरकार हर दिन भ्रष्टाचार मुक्त होने के दावे करती है। शहर में पिछले 3 सालों में तीन बार स्ट्रीट लाइटों के टेंडर लगे हैं परन्तु शहर के अंदर कहीं भी नई स्ट्रीट लाइट नजर नहीं आ रही। पानीपत शहरी विधानसभा के विधायक ने बाजारों के अंदर सीसीटीवी कैमरे लगाने की घोषणा की है ऐसे में जब वहां लाइट ही नहीं होगी तो कैमरे में साफ़ फोटो कैसे आएगी? कैमरे कैसे काम करेंगे? कांग्रेस नेता संजय अग्रवाल ने पानीपत जिले का अहम मुद्दा उठाते हुए बताया कि आज पानीपत शहर के अंदर बच्चे गायब हो रहे हैं। इस मुद्दे पर प्रशासन व सरकार का कोई ध्यान नहीं है। हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने करीब 1 साल पहले हरियाणा में हो रहे गुमशुदा बच्चों के मामलों की जांच की जिम्मेदारी सीबीआई को दी थी पर अब तक कोई भी सीबीआई का अधिकारी पूरे हरियाणा के अंदर एक भी बच्चे को नहीं ढूंढ पाया। कांग्रेस नेता संजय अग्रवाल ने बताया कि आज करनाल के अंदर गृहमंत्री अमित शाह ने हरियाणा के अंदर क्राइम कम होने दावा किया है जो पूर्ण रूप से गलत है। हरियाणा आज पूरे भारत में असुरक्षित पहले 5 राज्यों में से एक है। हरियाणा में दिन प्रतिदिन क्राइम बढ़ रहा है। रोजाना लूट, चैन स्नैचिंग, महिलाओं के साथ छेड़छाड़ व अन्य अपराध रिपोर्ट किये जाते हैं। संजय अग्रवाल ने बताया कि पानीपत के सिविल हॉस्पिटल के अंदर गर्भवती महिलाओं के लिए इमरजेंसी में रक्त की सुविधा उपलब्ध नहीं है ऐसे में जब भी गर्भवती महिलाओं को खून की जरूरत पड़ती है तो उनको हॉस्पिटल से बाहर भागना पड़ता है कई बार तो महिलाओं को पानीपत से बाहर के हॉस्पिटलों में रेफर करना पड़ता है। कई बार तो रेफर करने व एम्बुलेंस उपलब्ध होने में इतना समय लग जाता है कि रास्ते में कोई ना कोई अनहोनी हो जाती है। कांग्रेस नेता संजय अग्रवाल ने दावा किया कि जब भी हरियाणा में यदि कांग्रेस पार्टी की सरकार आएगी इन सभी मुद्दों से जनता निजात दिलाने का काम करेगी।
इस दौरान पानीपत शहरी विधानसभा से बीसी सेल के अध्यक्ष सोमनाथ चौधरी, पानीपत ग्रामीण विधानसभा बीसी सेल के अध्यक्ष बलबीर रावल, जिला कोषाध्यक्ष कांग्रेस सेवादल कृष्ण कुमार नौल्था,कांग्रेस सेवा दल के प्रधान दीपक शर्मा, मोहम्मद शोएब,चौधरी मुस्तकीम अहमद,राहुल शर्मा, जावेद खान, मनीष रावल, सरदार शेर सिंह आदि मौजूद रहे।

Comments