रैडक्रास सेवा परमो धर्म की भावना से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुँचाने के लिए करती कार्य: कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार
-गीता जयंती पर आर्य पीजी कॉलेज प्रांगण में भव्य प्रदर्शनी, मंत्री पंवार ने की सराहना
-प्रदर्शनी में शामिल विभागों ने आकर्षित किया ध्यान
BOL PANIPAT , 30 नवंबर। गीता जयंती के अवसर पर आर्य पीजी कॉलेज प्रांगण में आयोजित भव्य प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों के स्टॉलों ने आगंतुकों का ध्यान खींचा। हरियाणा सरकार के पंचायत एवं खनन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने रविवार को प्रदर्शनी का भ्रमण करते हुए स्टॉलों की जानकारी ली और छात्रों व विभागों की रचनात्मकता की सराहना की।
मंत्री पंवार ने सबसे पहले रेडक्रॉस सोसाइटी के स्टॉल का अवलोकन किया। प्रोजेक्ट मैनेजर सुदेश, कला भारद्वाज और गुरप्रीत कौर ने बताया कि संस्था सदैव सेवा परमो धर्म की भावना से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुचाने के लिए काम करती है। सुदेश ने बताया कि रेडक्रॉस जिले में नशा मुक्ति शिविर, ब्लड डोनेशन ड्राइव, आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण, विकलांग व्यक्तियों का पुनर्वास, और जरूरतमंद परिवारों को आपातकालीन सहायता जैसी कई योजनाएं संचालित कर रही है।
उन्होंने कहा कि संस्था युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करती है और शैक्षणिक संस्थानों में प्राथमिक उपचार और ट्रैफिक सेफ्टी प्रशिक्षण भी देती है। मंत्री पंवार ने रेडक्रॉस की इन पहलों की सराहना की और इसे समाज के लिए प्रेरक कदम बताया। मंत्री पंवार ने कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के स्टॉल पर 5 मिनट में एक एकड़ में स्प्रे करने वाले उन्नत ड्रोन की तकनीक को गंभीरता से समझा। सहायक कार्यकारी अभियंता सुधीर ने किसानों के हित में चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल पर मंत्री ने महिलाओं से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं पर विस्तृत जानकारी ली। वन विभाग के स्टॉल पर अमित ने बताया कि इस वर्ष 3 लाख 47 हजार से अधिक पौधारोपण किया गया। मंत्री ने विभाग के पर्यावरण संरक्षण प्रयासों की प्रशंसा की। मंत्री पंवार ने डाडोला सेंटर के स्टॉल पर धूप, अगरबत्ती और अन्य स्वदेशी उत्पादों की उपलब्धियों को जाना। डॉ. किशन की टीम ने उन्हें स्वदेशी उत्पादों के लाभों से अवगत कराया। मंत्री ने वोकल फॉर लोकल अपनाने का संदेश देते हुए स्वदेशी उत्पादों की महत्ता पर जोर दिया।
मुख्य द्वार के सामने बनी रंगोली और पराली से तैयार सेल्फी प्वाइंट ने भी प्रदर्शनी में रौनक बढ़ाई। मंत्री पंवार ने इन रचनात्मक पहलुओं की प्रशंसा करते हुए फोटो करवाया। इस अवसर पर एसडीएम मनदीप कुमार, डीईओ राकेश बूरा, मास्टर मुकेश, डीपीआरओ डॉ. सुनील बसताडा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments