‘वन टाइम रजिस्ट्रेशन’ पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन जारी
-सामान्य वर्ग को ₹ 500 व आरक्षित वर्ग को ₹ 250 शुल्क सिर्फ एक बार देना होगा : डीसी
BOL PANIPAT , 6 फरवरी। ग्रुप-सी व डी की नौकरियों के लिए संचालित किए जाने वाले ‘कॉमन एलिजिबलिटी टैस्ट’ के लिए हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग का पोर्टल ‘वन टाइम रजिस्ट्रेशन’ आगामी आदेशों तक पुनः रजिस्ट्रेशन के लिए खुला हुआ है। यह जानकारी देते हुए उपायुक्त सुशील सारवान ने बताया कि प्रदेश में युवाओं को रोजगार देने की प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए ‘वन टाइम रजिस्ट्रेशन’ योजना के पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करने से चूक गए युवाओं के लिए हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने पोर्टल को आगामी आदेशों तक पुनः खुला रखा है। उन्होंने कहा कि जो युवा किन्ही कारणों से पिछली बार अपना रजिस्ट्रेशन नहीं करा पाए थे। वह अब इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाकर अपना रजिस्ट्रेशन अवश्य करा लें।
उन्होंने कहा कि भविष्य में ग्रुप सी व डी की भर्तियों के लिए आवेदन करने वाले युवाओं को इस पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करवाना अनिवार्य है। योजना के तहत सामान्य वर्ग को ₹ 500 व आरक्षित वर्ग को ₹ 250 शुल्क देकर अपना रजिस्ट्रेशन करना होगा। एक बार रजिस्ट्रेशन होने के पश्चात इसकी वैधता तीन साल तक मान्य रहेगी। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा युवाओं को रोजगार देने की जटिल भर्ती प्रक्रिया व बार बार भर्तियों के लिए फीस देने पर आर्थिक रूप से होने वाली परेशानियों से निजात दिलाने के लक्ष्य को ध्यान में रखकर इस योजना की शुरुआत की गई है। इस योजना के शुरू होने से आयोग को एक ही उम्मीदवार के अलग अलग भर्तियों के लिए किए गए आवेदनों की बार बार जांच पड़ताल नही करनी होगी। वन टाइम रजिस्ट्रेशन योजना की सहायता से यह कार्य एक बार में ही हो जाएगा, साथ ही भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता व योग्यता के मानदंड को अधिक मजबूती मिलेगी। वन टाइम रजिस्ट्रेशन के बाद आवेदक को यूनिक आइडी नंबर प्राप्त होगा।

Comments