निजीकरण व 28 – 29 मार्च की हड़ताल को सफल बनाने के लिए एकजुट आंदोलन करेंगे रोडवेज कर्मचारी :- सांझा मोर्चा
BOL PANIPAT, 15 फरवरी 2022: हरियाणा रोड़वेज कर्मचारी सांझा मोर्चा के आह्वान पर पानीपत डिपो की सभी यूनियनों के प्रधान सुलतान मलिक, चरणसिँह, बलराम, रिंकूराजा, नरेंद्र घनघस, रामनिवास रावल, कृष्ण डाहर,रामनिवास शाामडी,विजय धौंचक की संयुक्त अध्यक्षता में सुबह 9:00 बजे से 12:00 बजे तक कार्यकर्ता सम्मेलन सम्पन्न हुआ। सम्मेलन में सभी संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा के प्रांतीय वरिष्ठ नेता श्री कृष्ण कुमार, राजपाल गाल्हाण, शमशेर मलिक, आजाद गिल, राजवीर सैनी, रमण सैनी, राजेंद्र सिंह, मनिंदर सिंह, ने कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुए कहा कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाली, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, खाली पदों पर पक्की भर्ती व निजीकरण पर रोक लगाने आदि मांगों को लेकर केंद्रीय ट्रेड यूनियनों व कर्मचारी संघों के आह्वान पर 28-29 मार्च को होने वाली राष्ट्रव्यापी हड़ताल की तैयारियों पर चर्चा करते हुए कर्मचारियों से हड़ताल को सफल बनाने का आह्नान किया।
सांझा मोर्चा नेताओं ने कहा “निजीकरण हटाओ-विभाग बचाओ” “निजीकरण हटाओ-रोजगार बचाओ” नारे के साथ विभाग के सभी संगठन एकजुट निर्णायक आन्दोलन करेंगे। उन्होंने कहा रोडवेज कर्मचारी सांझा आंदोलन के तहत सरकार की निजीकरण नीतियों को बदलवाने का काम करेंगे। प्रांतीय नेताओं ने कहा आम जनता व कर्मचारियों की निजीकरण की मांग नहीं है, फिर भी सरकार जनता के गाढ़े खून पसीने से खड़े किए गए हरियाणा रोडवेज विभाग का निजीकरण कर पूंजीपतियों के हवाले कर रही है।
उन्होंने बताया निजीकरण के इरादे से सरकार अंतरराज्यीय रुटों पर 20 प्रतिशत, अंतरजिला रुटों पर 50 प्रतिशत व लोकल रूटों पर 80 प्रतिशत प्राइवेट बसों को चलाने की योजना बनाकर विभाग को धन्ना सेठों के हवाले कर रही है। उन्होंने कहा सरकार के इस निर्णय से जनता को मिल रही बेहतर व सुरक्षित परिवहन सेवा समाप्त होने के साथ स्थाई रोजगार के अवसर समाप्त हो जाएंगे।
अध्यक्ष मंडल के नेताओं ने अपने सम्बोधन में कहा निजीकरण पर रोक लगाने, पुरानी पेंशन स्कीम लागू करने, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, खाली पदों पर पक्की भर्ती करने, बढ़ती आबादी अनुसार विभाग में 10 हजार सरकारी बसें शामिल करने, वेतन में संशोधन कर लिपिक व परिचालक को पे-मैट्रिक्स लेवल 6 में 35400 वेतन देने, सभी श्रेणियों की वेतन विसंगति दूर करने,1992 से 2003 के मध्य लगे सभी कर्मचारियों को नियुक्ति तिथि से पक्का करने, जोखिम भत्ता देने, सभी कर्मचारियों को एक माह के वेतन के समान बोनस देने, कर्मचारियों के फ्राड़ व अन्य मामलों में निष्पक्ष जांच होने के बाद दोषी पाए जाने पर ही कानूनी कार्रवाई करने, कर्मशाला कर्मचारियों को तकनीकी स्केल देने व कम किए गए राजपत्रित अवकाश पहले की तरह लागू करने, लिपिकों सहित सभी खाली पड़े पदों पर प्रमोशन करने, पंजाब, हिमाचल व डी टी सी की तर्ज पर चालकों की प्रमोशन उप निरीक्षक के पद पर करने, हटाए गए कर्मचारियों की नौकरी बहाली, HREC गुरुग्राम में वेतन भुगतान का स्थाई समाधान करने, कोरोना महामारी के दौरान बसें खड़ी रहने व डीजल की कीमतों में बढ़ोत्तरी से हुए नुकसान की भरपाई के लिए विभाग को 2000 करोड़ का पैकेज देने आदि लम्बित मांगों को लेकर हरियाणा रोडवेज कर्मचारी 28-29 मार्च को राष्ट्रव्यापी हड़ताल में भाग लेंगे और नेताओं ने केंद्र व राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों की आलोचना की।
गेट मीटींग व सम्मेलन के अवसर पर जितेंद्र शर्मा, सुभाष योगी, रविंदर, सूरजभान, जयपाल, लोकेश, विनोद मलिक, सोनू ,रणबीर, लाभ सिंह, सोमबीर दहीया, राजेंद्र छोक्कर आदि कर्मचारी मौजूद रहे!

Comments