Monday, September 7, 2026
Newspaper and Magzine


चेन स्नेचिंग का फरार दूसरा आरोपी यूपी के मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at September 7, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT , 07 सितंबर : सीआईए टू पुलिस टीम ने समालखा रेलवे रोड पर स्कूटी सवार महिला के गले से सोने की चेन स्नेचिंग करने की वारदात में शामिल फरार दूसरे आरोपी को रविवार शाम यूपी के मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान अदनान उर्फ आदी निवासी किदवई नगर मुजफ्फरनगर यूपी के रूप में हुई है।

सीआईए टू प्रभारी सब इंस्पेक्टर अनिल पवार ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके किदवई नगर निवासी अपने साथी आरोपी फहीम उर्फ छोला के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपी ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उन्होंने समालखा में महिला के गले से सोने की चेन झपटकर यूपी के मुजफ्फरनगर में राह चलते एक अज्ञात युवक को 90 हजार रुपये में बेच दी थी। चेन बेचकर हासिल की गई नकदी में से उसके हिस्से में 50 हजार रुपए आए थे। उसने इनमें से कुछ रुपए खर्च कर दिए। पुलिस ने आरोपी अदनान के कब्जे से बचे 31 हजार रुपये बरामद किए। सोमवार को पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

प्रभारी सब इंस्पेक्टर अनिल पवार ने बताया कि मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके आरोपी फहीम उर्फ छोला के कब्जे से उसके हिस्से में आई नकदी में से बचे 17 हजार रुपये बरामद कर आरोपी को जेल भेजा जा चुका है। पूछताछ में आरोपी फहीम ने अपने साथी आरोपी अदनान के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया था। आरोपी ने पूछताछ में पुलिस को बताया था कि वे दोनों नशा करने के आदी हैं। नशे की लत पूरी करने के लिए दोनों ने मिलकर स्नेचिंग की उक्त वारदात को अंजाम दिया।

यह है मामला

समालखा चौकी में गांधी कॉलोनी निवासी शालू पत्नी अभिनव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 15 मई की सुबह करीब 9:30 बजे वह स्कूटी पर अपने पति को समालखा रेलवे स्टेशन छोड़कर घर लौट रही थी। जब वह रेलवे रोड पर सावन किरयाना स्टोर के सामने पहुंची तो पीछे से दो युवक एक बाइक पर सवार होकर आए। पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारकर गले से सोने की चेन खींच ली। बाइक सवार दोनों आरोपी उसकी 25 ग्राम वजनी सोने की चेन स्नेच कर फरार हो गए। दोनों आरोपी मुंह पर रूमाल बांधे हुए थे। थाना समालखा में शालू की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच व आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी।

Comments


Leave a Reply