पिस्तौल से जानलेवा हमला करने मामले में फरार चल रहा दूसरा आरोपी गिरफ्तार
BOL PANIPAT : 20 अक्तूबर 2024,सीआईए वन पुलिस टीम ने आसन कला गांव में युवक पर पिस्तौल से जानलेवा हमला करने मामले में फरार चल रहे दूसरे आरोपी को शनिवार देर शाम मिली गुप्त सूचना पर दबिश देकर आसन कला गांव में मंदिर के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान मनीष उर्फ मोनू निवासी आसन कला के रूप में हुई।
सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप ने बताया कि प्रारंम्भिक पूछताछ में आरोपी ने मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके अपने साथी आरोपी संदीप निवासी आसन कला के साथ मिलकर जानलेवा हमला करने की उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। गहनता से पूछताछ करने व वारदात में प्रयुक्त पिस्तौल बरामद करने के लिए पुलिस ने आरोपी मनीष उर्फ मोनू को रविवार को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे 4 दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया।
इंस्पेक्टर संदीप ने बताया कि मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके आरोपी संदीप के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बाइक व एक देसी पिस्तौल बरामद कर आरोपी संदीप को जेल भेजा जा चुका है। पूछताछ में आरोपी संदीप ने पुलिस को बताया था की उसने व मामले में नामजद उसके फरार साथी आरोपी मनीष उर्फ मोनू ने मिलकर गांव निवासी संदीप पर रंजिशन जानलेवा हमला करने की वारदात को अंजाम दिया था।
यह है मामला
थाना मतलौडा में बीरमपाल पुत्र जुल्फीराम निवासी आसन कला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 9 अगस्त की देर शाम वह पत्नी और पुत्रवधु घर पर थे। बेटा संदीप घर के बाहर गली में खड़ा था। तभी गांव निवासी मोनू पुत्र जगदीश व संदीप पुत्र कर्ण सिंह एक बाइक पर सवार होकर आए। दोनों ने संदीप के उपर पिस्तौल से गोलिया चलानी शुरू कर दी। गोली लगने के बाद संदीप घायल हो गया। दोनों आरोपी संदीप को गली में घसीटते रहे। घायल अवस्था में बेटा संदीप जान बचाने के लिए भागकर घर के अंदर आ गया। आरोपियों ने घर के अंदर घूसकर चाकू से वार किया। आरोपी ने मेरी पत्नी को भी चोट मारी। आरोपी मोनू ने अपनी जेब से पिस्तौल की काफी गोलियां निकालकर दिखाई और पूरे परिवार को जान से मारने की घमकी देकर हथियार को हवा में लहराते हुए मौके से फरार हो गए। इनका एक साथी आरोपी रवि निवासी चुलकाना कुछ दूरी पर बाइक लेकर खड़ा था। आरोपी रवि ने करीब 10 दिन पहले छोटे बेटे विक्रम को जान से मारने की धमकी दी थी। वारदात के बाद तीनों आरोपी दो बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। थाना मतलौडा में बीरमपाल की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।

Comments