हवन व वृक्षारोपण कर किया सात दिवसीय विशेष एनएसएस शिविर का शुभारंभ.
BOL PANIPAT – बुधवार 25 फरवरी 2026: आर्य कॉलेज, पानीपत की एनएसएस इकाई द्वारा ग्राम नांगलखेड़ी में 25.02.2026 से 03.03.2026 तक “यूथ फॉर माय भारत” एवं “यूथ फॉर डिजिटल लिटरेसी” विषय पर सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ हवन एवं वृक्षारोपण के साथ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मनीषा दुडेचा, प्राध्यापिका आस्था गुप्ता एवं प्रो. पंकज चौधरी को सात दिवसीय शिविर के शुभकामनाएं दी।
उद्घाटन सत्र का प्रारंभ छात्रा मुस्कान द्वारा गणेश वंदना से हुआ। इसके पश्चात वंशिका, अंजलि एवं काशिश ने एनएसएस थीम पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। स्वयंसेवकों द्वारा “गलती उसकी थी” विषय पर एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, जो महिला सशक्तिकरण पर आधारित रहा। इसके अतिरिक्त सान्या एवं समूह तथा हिमांशी द्वारा हरियाणवी नृत्य प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। साथ ही एनएसएस इकाई द्वारा पूरे सत्र में की गई गतिविधियों पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई।

कॉलेज प्राचार्य प्रो. डॉ. जगदीश गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि सात दिवसीय शिविर विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में सहायक सिद्ध होगा तथा वे जीवन भर इन अनुभवों को याद रखेंगे।
प्रात:कालीन सत्र के उपरांत “यौन उत्पीड़न” विषय पर एक व्याख्यान आयोजित किया गया, जिसमें ब्रेकथ्रू फाउंडेशन की रिसोर्स पर्सन शिवानी चौधरी ने छात्राओं को उत्पीड़न के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के संस्कारों में माता-पिता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और बेटियों के साथ-साथ बेटों को भी सही शिक्षा देना आवश्यक है।
वहीं दूसरे व्याख्यान प्रेम हॉस्पिटल की त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. रेनी ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने बालों एवं त्वचा की देखभाल के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी तथा विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। उन्होंने बताया कि महंगे उत्पादों के बजाय घरेलू उपाय, नियमित सफाई, जंक फूड से परहेज एवं पर्याप्त नींद स्वस्थ त्वचा के लिए आवश्यक हैं। साथ ही उन्होंने मुंहासों एवं अन्य त्वचा समस्याओं से निपटने के उपाय भी बताए।
सायंकालीन सत्र में फायर स्टेशन, पानीपत के विशेषज्ञों द्वारा अग्नि सुरक्षा पर कार्यशाला आयोजित की गई। स्वयंसेवकों को आग लगने की स्थिति, गैस सिलेंडर लीकेज तथा अग्निशामक यंत्रों के प्रयोग की विधि के बारे में व्यावहारिक जानकारी दी गई।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्राध्यापिका आस्था गुप्ता ने बताया कि सायंकाल के सत्र में स्वयंसेवकों ने टीम गेम्स में भी भाग लिया। डॉ. मनीषा ढुढेजा ने कहा कि शिविर के पहले दिन स्वयंसेवकों ने सामाजिक एवं नैतिक मूल्यों की शिक्षा प्राप्त की। उन्होंने बताया कि यह सात दिवसीय विशेष शिविर युवाओं में सामाजिक जागरूकता, नेतृत्व क्षमता एवं डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।मंच संचालन वंशिका एवं नितीश द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रो. पंकज चौधरी एवं डॉ. मीनल भी उपस्थित रहे।

Comments