Monday, June 1, 2026
Newspaper and Magzine


बड़ी धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया ‘हाली अपना स्कूल’ का वार्षिक उत्सव ।

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at March 31, 2026 Tags: , , , ,

BOL PANIPAT : निर्मला देशपांडे संस्थान में उपेक्षित एवं निर्धन माता-पिता के होनहार बच्चों के लिए संचालित ‘हाली अपना स्कूल’ का वार्षिक उत्सव बड़ी धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। यह कार्यक्रम पानीपत अर्बन कोऑपरेटीव बैंक के संस्थापक ओमप्रकाश शर्मा के सानिध्य और संरक्षण में आयोजित किया गया।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित ओमप्रकाश शर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, “विद्या एक ऐसी निधि है जो खर्च करने से बढ़ती है, जबकि अन्य किसी भी प्रकार की संपत्ति चाहे वह कितनी भी हो, खर्च करने पर घटती जाती है।” उन्होंने माता सीता रानी सेवा संस्था द्वारा संचालित ‘हाली अपना स्कूल’ की सराहना करते हुए कहा कि यह स्कूल उन उपेक्षित और वंचित बच्चों की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरा उतर रहा है।

ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि वे लगभग 32 वर्ष पूर्व माता सीता रानी सेवा संस्था से जुड़े थे। उन्होंने माता सीता रानी जी के दर्शन करने और उनके साथ काम करने का सौभाग्य प्राप्त किया था। साथ ही दीदी निर्मला देशपांडे जी, जिन्होंने इस पूरे संस्थान को प्रेरणा दी, उनके दर्शन का भी उन्हें अवसर मिला था। उन्होंने कहा, “यह स्कूल हम सबके लिए प्रेरणादायी उदाहरण है।”

मुख्य अतिथि ने उद्योगिक मजदूर बस्तियों में रह रहे अप्रवासी भारतीय माता-पिता से विशेष अपील की कि वे अपने बच्चों को नजदीक के किसी भी स्कूल में एडमिशन अवश्य दिलवाएं, ताकि उनका उज्ज्वल भविष्य बन सके।

इस अवसर पर स्कूल की मुख्य अध्यापिका एवं माता सीता रानी सेवा संस्था की महासचिव पूजा सैनी ने मुख्य अतिथि ओमप्रकाश शर्मा का हार्दिक स्वागत किया। उन्होंने बताया कि इस वैकल्पिक स्कूल में वर्तमान में लगभग 300 बच्चे नियमित रूप से आ रहे हैं। “ये वे बच्चे हैं जो यदि हमारा स्कूल न होता तो शायद कहीं भी पढ़ने नहीं जा पाते। हम दृढ़ विश्वास रखते हैं कि शिक्षा का अधिकार हर बच्चे का है। इस स्कूल को चलाने में हम किसी भी प्रकार की सरकारी सहायता नहीं लेते हैं। यह पूरी तरह स्थानीय लोगों के सहयोग और दान से संचालित हो रहा है,” उन्होंने कहा।

माता सीता रानी सेवा संस्था की अध्यक्ष कृष्णा कांता ने कहा कि संस्था परिवार प्रामर्श, वंचित महिलाओं के लिए आश्रय स्थल उपलब्ध कराने और महिलाओं के सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि समाज को ऐसे सामाजिक कार्यों की बहुत आवश्यकता है।

संस्था की परामर्श दात्री सुनीता आनंद ने बताया कि संस्था ने अब तक हजारों विवादित परिवारों के झगड़ों को सुलझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और भविष्य में भी यह कार्य जारी रखा जाएगा।

कार्यक्रम में मजदूर वर्ग के माता-पिता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने बच्चों की सांस्कृतिक, सामाजिक और शैक्षणिक प्रतिभाओं को मंच पर प्रस्तुत होते देखा और गर्व महसूस किया। इस अवसर पर सभी ने यह महसूस किया कि शिक्षा से ही बच्चों को जोड़कर समाज और मानवता का सच्चा कल्याण किया जा सकता है।

इस अवसर पर संस्था के निदेशक राम मोहन राय और स्थानीय गणमान्य नागरिकों ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया और कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान दिया।

‘हाली अपना स्कूल’ का यह वार्षिक उत्सव न केवल बच्चों की प्रतिभाओं को निखारने का माध्यम बना, बल्कि समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के प्रति संस्था की प्रतिबद्धता को भी दोहराया।

Comments