शत-प्रतिशत मतदान के लिए आगे आएं सामाजिक संस्थाएं-एडीसी
-मतदाता जागरूकता के लिए जिला प्रशासन चला रहा है स्वीप अभियान
BOL PANIPAT 8 सितंबर। स्वीप अभियान के नोडल अधिकारी एवं एडीसी डा. पंकज यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 में अधिक से अधिक मतदान के लिए जिला प्रशासन द्वारा मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को शत-प्रतिशत मतदान के लिए जागरूक करना है। जिला के एनजीओ व सामाजिक संगठन मतदाता जागरूकता के अभियान में सक्रिय सहयोग करें।
एडीसी ने कहा कि जिस प्रकार से हम अपने त्यौहारों को मनाते हैं, उसी प्रकार जिलावासी लोकतंत्र के पर्व को उत्साह व हर्षोल्लास से मनाएं। लोकतंत्र का पर्व देश का गर्व के संकल्प के साथ शत प्रतिशत मतदान करें। जिला में स्वीप अभियान के तहत सभी विभाग, शैक्षणिक, धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाएं आगे आएं और लोगों से अधिक से अधिक मतदान की अपील करें। उन्होंने कहा कि मजबूत लोकतंत्र की स्थापना के लिए चुनाव में नागरिकों की भागेदारी जरूरी है। उन्होंने जिलावासियों से कहा कि वे आने वाली 5 अक्तूबर को मतदान के लिए अपने नजदीकी पोलिंग बूथ पर जाएं और वोट डालकर आएं। सभी एनजीओ से अपील की कि वे अपने संस्थानों या प्रतिष्ठानों में जिला पानीपत का अभिमान-सौ प्रतिशत मतदान, चुनाव का पर्व देश का गर्व आदि बैनर जरुर लगवाएं और इस संदेश को अधिक से अधिक आगे बढाने में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि चुनाव से संबधित किसी प्रकार की जानकारी आम नागरिक को लेनी है तो वे टोल फ्री नंबर 1950 से संपर्क कर सकते हैं।

Comments