समाधान केवल औपचारिक न होकर धरातल पर दिखाई देना चाहिए: डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया
-अगली समीक्षा बैठक से पहले लंबित शिकायतों का समाधान सुनिश्चित करें
-सीएम विंडो शिकायतों के निस्तारण में देरी बर्दाश्त नहीं
-सीएम विंडो से संबंधित शिकायतों के समाधान को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित
BOL PANIPAT , 15 दिसंबर। सीएम विंडो पोर्टल से संबंधित शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण को लेकर उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने सोमवार को जिला सचिवालय सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सीएम विंडो पर आने वाली प्रत्येक शिकायत सरकार की प्राथमिकता है और इसके निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। डॉ दहिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का समाधान केवल औपचारिक न होकर धरातल पर दिखाई देना चाहिए, ताकि आमजन का प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो सके।
उपायुक्त डॉ. दहिया ने कहा कि सभी विभागाध्यक्ष सीएम विंडो पर लंबित शिकायतों को गंभीरता से लें और उनका तत्काल समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने एसडीएम को निर्देश दिए कि वे सभी तहसीलदारों को फोन के माध्यम से सूचित कर अगली समीक्षा बैठक से पहले लंबित सभी शिकायतों का निस्तारण करवाना सुनिश्चित करें। बैठक में उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से शिकायतों के निस्तारण में हो रही देरी के कारण भी जाने और स्पष्ट किया कि भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
एसडीएम मनदीप कुमार ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे समय रहते एटीआर भेजें और ओवरड्यू होने का इंतजार न करें। उन्होंने कहा कि शिकायतों का समाधान तय समय सीमा में करना प्रत्येक अधिकारी की जिम्मेदारी है। बैठक में सीईओ डॉ. किरण, स्पेशल ऑफिसर प्रदीप कुमार (एचसीएच), सीएमओ विजय मलिक, डीआरओ कनब लाकड़ा, डीडीपीओ राजेश शर्मा, डीएसपी सतीश वत्स, तहसीलदार सौरभ शर्मा, नरेंद्र दलाल, जीएम रोडवेज विक्रम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments