Tuesday, June 9, 2026
Newspaper and Magzine


विशेष गहन पुनरीक्षण से मतदाता सूची होगी और अधिक पारदर्शी, डुप्लीकेट वोटों पर रहेगी प्रशासन की पैनी नजर: डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at June 8, 2026 Tags: , , , , , ,

हर पात्र नागरिक का नाम सूची में, फर्जी और डुप्लीकेट प्रविष्टियों पर होगी सख्त कार्रवाई

लोकतंत्र को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम, विशेष गहन पुनरीक्षण में जनता और मीडिया से सहयोग की अपील

शुद्ध और त्रुटिरहित मतदाता सूची बनाने का अभियान तेज, जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताई अब तक की प्रगति

BOL PANIPAT , 8 जून। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक लागू करने के उद्देश्य से उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने सोमवार को जिला सचिवालय सभागार में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य गंभीरता और पारदर्शिता के साथ किया जा रहा है ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाया जा सके।

    उपायुक्त डॉ हरीश ने बताया कि वर्तमान में पुनरीक्षण अभियान के तहत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने का कार्य लगातार जारी है। इसके साथ-साथ मतदाता सूची के सत्यापन और संशोधन की प्रक्रिया भी गति पकड़ रही है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए डुप्लीकेट वोटों, मृत मतदाताओं तथा अन्य त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों पर विशेष रूप से संज्ञान लिया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि मतदाता सूची में केवल पात्र और वास्तविक मतदाताओं के नाम ही दर्ज हों।

    डॉ. वशिष्ठ ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण लोकतांत्रिक व्यवस्था का अत्यंत महत्वपूर्ण हिस्सा है। निष्पक्ष और पारदर्शी चुनावों की नींव एक शुद्ध मतदाता सूची पर ही आधारित होती है। यदि मतदाता सूची में त्रुटियां रहती हैं तो चुनाव प्रक्रिया की विश्वसनीयता प्रभावित हो सकती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का यह दायित्व है कि वह अपने नाम, पते और अन्य विवरणों का सत्यापन अवश्य करे तथा आवश्यक संशोधन समय रहते करवाए।
उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से भी इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का सशक्त स्तंभ है और आमजन को जागरूक करने में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। यदि मीडिया इस अभियान के महत्व को लोगों तक पहुंचाएगा तो अधिक से अधिक नागरिक अपने मतदाता संबंधी विवरणों की जांच कर सकेंगे और मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में योगदान देंगे।

      जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने के लिए सभी दलों की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल अपने-अपने स्तर पर मतदाताओं को जागरूक करें तथा पुनरीक्षण कार्य में प्रशासन का सहयोग करें, जिससे जिले में शत-प्रतिशत सही मतदाता सूची तैयार की जा सके।

    पत्रकार वार्ता के दौरान एक प्रश्न के उत्तर में उपायुक्त ने कहा कि जिन सरकारी विभागों में सार्वजनिक लेनदेन होता है, वहां पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इससे आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ कार्यप्रणाली की निगरानी भी प्रभावी ढंग से हो सकेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की गलियों में नियमों की अनदेखी कर संचालित किए जा रहे होटलों एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ऐसे मामलों पर लगातार नजर बनाए हुए है और जहां कहीं भी नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, वहां आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

उपायुक्त ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की अब तक की प्रगति पर प्रकाश डालते हुए बताया कि संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। बूथ स्तर पर आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं तथा मतदाता सूची के सत्यापन का कार्य निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी संबंधित विभागों, राजनीतिक दलों, मीडिया और आम नागरिकों के सहयोग से जिले में एक सटीक और विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार की जाएगी।

    उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है। विशेष गहन पुनरीक्षण केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इस अभियान में बढ़-चढक़र भाग लें और एक स्वच्छ, पारदर्शी तथा त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने में प्रशासन का सहयोग करें। इस मौके पर एडीसी अंकित चौकसे, एसडीएम मनदीप कुमार,एसडीएम समालखा अमित कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप नैन, सीईओ डॉ किरण, नगराधीश टीनू पोसवाल, निर्वाचन तहसीलदार सुरेंद्र के अलावा विभिन्न समाचार पत्र और टीवी चैनलों के संवाददाता मौजूद रहे।

Comments


Leave a Reply