Friday, September 25, 2026
Newspaper and Magzine


26 व 27 सितंबर को विशेष एसआईआर अभियान: उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at September 25, 2026 Tags: , , , , , ,

बूथों पर मौजूद रहेंगे बीएलओ

30 सितंबर तक दावे-आपत्तियां दर्ज कराने का अंतिम मौका

6 नवंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची

BOL PANIPAT , 25 सितंबर। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने जानकारी देते हुए बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत 26 और 27 सितंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्रों पर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक उपस्थित रहेंगे और पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में नाम शामिल करवाने, नाम हटवाने, विवरण में संशोधन तथा अन्य दावे एवं आपत्तियों से संबंधित आवेदन प्राप्त करेंगे।

उपायुक्त ने बताया कि नागरिकों के पास दावे एवं आपत्तियां दाखिल करने के लिए 30 सितंबर तक का समय है। ऐसे में जिन नागरिकों को मतदाता सूची से संबंधित किसी प्रकार की आपत्ति है या सूची में किसी तरह का संशोधन करवाना है, वे निर्धारित समय सीमा के भीतर संबंधित बीएलओ के पास आवेदन जमा करवा सकते हैं। विशेष अभियान के दौरान नागरिकों को अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर पहुंचकर दावे एवं आपत्तियां दर्ज करवाने की सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का नियमानुसार निपटारा 28 अक्टूबर तक किया जाएगा। इसके बाद सभी आवश्यक त्रुटियों एवं संशोधनों को दूर करने के उपरांत मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 6 नवंबर को किया जाएगा।

उपायुक्त ने बताया कि विशेष अभियान के दौरान बीएलओ की मतदान केंद्रों पर उपलब्धता से नागरिकों को दावे एवं आपत्तियां दर्ज करवाने में सुविधा होगी। प्रशासन ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि के भीतर अपने आवेदन जमा करवाएं, ताकि मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन समय पर किए जा सकें।

Comments


Leave a Reply