नशे से दूरी, साइबर अपराध से सावधानी; पानीपत पुलिस का जन-जागरूकता अभियान जारी.
स्कूलों में विद्यार्थियों को और गांवों में डोर-टू-डोर ग्रामीणों को किया जागरूक, नशे से दूर रहने और साइबर अपराधों से बचाव के बताए उपाय
BOL PANIPAT , 17 सितंबर : पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण आईपीएस के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में पानीपत पुलिस द्वारा जिले को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। अभियान के तहत वीरवार को पानीपत पुलिस की नशा मुक्त अभियान टीम ने गांव जालपाड़, नन्हेड़ा और जलमाना के सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें नशे के दुष्परिणामों तथा इससे होने वाले शारीरिक, मानसिक और दूरगामी प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इसके साथ ही पुलिस टीम ने गांवों में डोर-टू-डोर जाकर ग्रामीणों को भी नशे के खिलाफ जागरूक किया और सामाजिक भागीदारी के माध्यम से नशा मुक्त समाज बनाने का संदेश दिया।
नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार और भविष्य पर डालता है गंभीर दुष्प्रभाव;
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार और भविष्य पर गंभीर दुष्प्रभाव डालता है। नशे की लत व्यक्ति की सोचने-समझने की क्षमता को कमजोर कर देती है, जिससे उसका आत्मविश्वास, करियर और सामाजिक जीवन प्रभावित होता है। टीम ने विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे स्वयं को किसी भी प्रकार के नशे से दूर रखें तथा अपने मित्रों, परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें।
साइबर अपराधों से बचाव के प्रति भी किया जागरूक;
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को साइबर क्राइम के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। टीम ने साइबर अपराधों के बढ़ते तरीकों, ऑनलाइन ठगी से बचाव तथा साइबर सुरक्षा के प्रति सावधान रहने के आवश्यक उपायों के बारे में जागरूक किया। पुलिस ने आमजन से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी, पासवर्ड अथवा अन्य निजी जानकारी साझा न करें और किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि के प्रति तुरंत सतर्क रहें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत साइबर क्राइम हेल्प लाइन नंबर 1930 पर काल कर या साइबर क्राइम थाना में शिकायत दर्ज कराए।
अभियान के जिला नोडल अधिकारी उप पुलिस अधीक्षक प्रणय कुमार ने कहा कि युवाओं को नशे की गर्त से बचाने और जिला को नशा मुक्त बनाने के लिए पानीपत पुलिस लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों और आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। नशे को जड़ से मिटाने के लिए युवाओं को आगे आना होगा।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे पढ़ाई के साथ-साथ खेल, योग और अन्य सकारात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा अपने जीवन को सही दिशा दें। साथ ही आमजन से अपील की कि यदि उनके आसपास कहीं नशीले पदार्थों की बिक्री हो रही है, कोई व्यक्ति नशे का कारोबार कर रहा है अथवा किसी व्यक्ति को नशे की लत है, तो इसकी सूचना तुरंत जिला पुलिस या नेशनल नारकोटिक्स हेल्पलाइन 1933 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
उन्होंने कहा कि आमजन और पुलिस के संयुक्त प्रयासों से ही नशा मुक्त समाज के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है।

Comments