Wednesday, June 24, 2026
Newspaper and Magzine


विशेष गहन पुनरीक्षण में लापरवाही पर कड़ी चेतावनी, एफआईआर तक होगी कार्रवाई: अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at June 24, 2026 Tags: , , , , , , ,

मतदाता सूची पुनरीक्षण में कोताही नहीं होगी बर्दाश्त, हर बीएलओ की प्रगति पर प्रशासन की पैनी नजर

सही और पारदर्शी मतदाता सूची हमारा लक्ष्य, जिम्मेदारी से करें कार्य

बूथ स्तर पर बढ़ाई निगरानी, विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में तेजी लाने के निर्देश

BOL PANIPAT , 24 जून। जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है। अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो बूथ लेवल अधिकारी भारत निर्वाचन आयोग के इस महत्वपूर्ण कार्य में रुचि नहीं ले रहे हैं अथवा जिनकी कार्य प्रगति संतोषजनक नहीं पाई जाएगी, उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा सकती है। इसमें भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एफआईआर दर्ज कराने तक की कार्रवाई शामिल है। यह बात अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने बुधवार को जिला सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्य की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है और इसके पुनरीक्षण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी की अवहेलना है बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को भी प्रभावित करती है। इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। बैठक के दौरान अतिरिक्त उपायुक्त ने बूथवार तैनात अधिकारियों के साथ सीधा संवाद स्थापित किया और प्रत्येक बूथ की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की।


उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि अब तक उनके क्षेत्र में कितनी मैपिंग पूरी हो चुकी है, कितने मतदाताओं तक फॉर्म पहुंचाए गए हैं तथा अभियान के दौरान किन चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रत्येक बूथ की स्थिति का अपडेट प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में कई अधिकारियों ने बताया कि अनेक मतदाता अपने पुराने पते से अन्य स्थानों पर स्थानांतरित हो चुके हैं, जिसके कारण उन्हें ढूंढऩा और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराना चुनौतीपूर्ण कार्य बन रहा है। इस पर अतिरिक्त उपायुक्त ने निर्देश दिए कि मतदाता सूची में दर्ज पते पर जाकर संबंधित परिवारों को फॉर्म उपलब्ध कराए जाएं तथा उपलब्ध जानकारी के आधार पर मतदाताओं से संपर्क स्थापित किया जाए।

उन्होंने कहा कि मतदाता को पूरी प्रक्रिया के तहत आवेदन को पूरा करना पड़ेगा ताकि सूची वास्तविक और अद्यतन बनी रहे। अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को सफल बनाने के लिए स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग किया जाए। उन्होंने नगर परिषद, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा अन्य क्षेत्रीय कर्मचारियों का सहयोग लेने पर बल दिया।    

अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि जनसहभागिता और स्थानीय सहयोग से ही अभियान को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। प्रत्येक अधिकारी के कार्य की नियमित निगरानी की जा रही है और बूथवार प्रगति का लगातार मूल्यांकन किया जा रहा है। जिन अधिकारियों का प्रदर्शन बेहतर होगा उन्हें प्रोत्साहित किया जाएगा, जबकि लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक को संबोधित करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं बल्कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने का अभियान है। हमारा उद्देश्य जिले के प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करना तथा अपात्र नामों को हटाकर सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाना है। सभी बीएलओ और संबंधित अधिकारी इसे अपनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी समझें। किसी भी स्तर पर ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। पूरी टीम समर्पण भाव से कार्य करे ताकि जिले में शत-प्रतिशत सटीक और अद्यतन मतदाता सूची तैयार की जा सके। प्रशासन प्रत्येक अधिकारी के कार्य पर नजर बनाए हुए है और निर्धारित लक्ष्य समयबद्ध तरीके से पूरा करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस मौके पर पब्लिक हेल्थ के एसडीओ विरेंदर कुमार दहिया, सतबीर, कृषि विभाग से सहायक कार्यकारी अभियंता सुधीर, डीईईओ नीलम कुंडू, बीडीपीओ शीतल सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Comments


Leave a Reply