गांव परढ़ाना के सरकारी स्कूल में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणाम बताए, डोर-टू-डोर ग्रामीणों को किया जागरूक
BOL PANIPAT, 25 सितंबर : पानीपत पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत शुक्रवार को नशा मुक्त अभियान की टीम ने गांव परढ़ाना में जागरूकता अभियान चलाया। टीम ने गांव के सरकारी स्कूल में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही गांव में डोर-टू-डोर जाकर ग्रामीणों को नशे के खिलाफ जागरूक किया और अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।
टीम ने इस दौरान विद्यार्थियों को बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है। नशे की लत से युवा अपनी शिक्षा, करियर और भविष्य से भटक सकते हैं। टीम ने विद्यार्थियों को नशे से पूरी तरह दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यार्थियों से कहा कि वे अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाएं और खेल, शिक्षा व अन्य रचनात्मक गतिविधियों को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। टीम ने विद्यार्थियों को नशे से दूरी और अपने लक्ष्य व सपनों को चुनने का संदेश दिया। शिक्षा के साथ-साथ खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।
डोर-टू-डोर ग्रामीणों से अभियान में सहयोग की अपील
इस दौरान पुलिस टीम ने गांव में डोर-टू-डोर जाकर ग्रामीणों से संवाद किया। ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए उनसे अपने आसपास नशे की बिक्री या सेवन से संबंधित गतिविधियों पर नजर रखने की अपील की गई। पुलिस टीम ने कहा कि नशे के खिलाफ सामूहिक प्रयासों से ही समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकते हैं।
नशे के खिलाफ लड़ाई में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी; डीएसपी प्रणय कुमार
अभियान के जिला नोडल अधिकारी डीएसपी प्रणय कुमार ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत और भविष्य हैं। नशा युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और भविष्य को बर्बाद करता है। इसलिए युवाओं को नशे से दूर रखना केवल पुलिस की नहीं, बल्कि प्रत्येक परिवार और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पानीपत पुलिस नशे के खिलाफ लगातार जागरूकता अभियान चलाने के साथ-साथ नशा तस्करों पर भी सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे नशे के खिलाफ पुलिस का सहयोग करें और अपने आसपास नशे की बिक्री, तस्करी या सेवन से संबंधित कोई भी जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 पर भी दी जा सकती है। नशे के खिलाफ दी गई सूचना पर पुलिस द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Comments