तेंदुए को रेस्क्यू करने में बहादुरी दिखाने वाले थाना सनौली प्रभारी जगजीत सिंह व उनकी टीम का सम्मान समारोह का आयोजन किया
BOL PANIPAT : सनौली (प्रीति शर्मा): तेंदुए को रेस्क्यू करने में बहादुरी दिखाने वाले थाना सनौली प्रभारी जगजीत सिंह व उनकी टीम का वीरवार को गांव गढ़ी बेसिक में आयोजित एक समारोह में सम्मानित किया गया। जिसमें भारी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया व टीम का स्वागत किया।
गांव गढ़ी बेसिक की नशा विरोधी अमन कमेटी ने गांव में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें गत 7 मई को जिला के गांव अधमी व अतौलापुर के बीच में जंगलों में एक तेंदुए को रेस्क्यू करने में बहादुरी दिखाने वाले, अपनी जान की परवाह किए बिना वन विभाग की टीम के सहयोग से तेंदूए को पकडवा कर जंगल में छुडवाने वाले थाना सनौली प्रभारी जगजीत सिंह से अलावा एएसआई अनिल कुमार, मुख्य सिपाही प्रदीप कुमार, मुख्य सिपाही देवेन्द्र सिंह का फूल मालाओं से स्वागत किया गया। वहीं नोटों की मालाओं से उनको सम्मानित किया गया।
समारोह में बोलते हुए थाना प्रभारी जगजीत सिंह ने कहा कि डयूटी के दौरान अपने क्षेत्र की जनता की सुरक्षा करना उनका फर्ज है। इसके लिए उन्हें अपनी जान भी देनी पड़ी तो कोई हर्ज नहीं है। उन्हें शपथ लेते समय बताया जाता है कि अब परिवार से ज्यादा जनता की सेवा व सुरक्षा करनी है।
वहीं जगजीत सिंह ने ग्रामीणों से अपील की कि वह अपने बच्चों को नशे से दूर रखें। युवा देश की नींव है अगर वही नशा करेंगे तो देश की नींव ही खोखली हो जाएगी। उन्होंने कहा कि गांव की नशा विरोधी अमन कमेटी अच्छा काम कर रही है। जिसकी बदौलत गांव में नशा कम हुआ है। नशे से केवल एक घर नहीं बल्कि पूरा समाज कमजोर हो जाता है।
इस अवसर पर कमेटी के प्रधान मांगा, जेजेपी अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के उप प्रदेशाध्यक्ष बूबाखान, हाजी शौकत, इदरीश, सादा, गिरलजा, हाशीम, मुस्तकीम, इस्तफाक, हारून, बाबू, नौशाद भाटिया, शाहनजर भाटिया, जबरा भाटिया,डा.आलम,आरिफ, गांव नवादा आर के पूर्व सरपंच सलीम, जाहिद, हाजी कोसर, अमन, आयुब व सिन्ना आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

Comments