स्वच्छता को दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाएं विद्यार्थी: डॉ. सुभाष चंद जागलान
डीबीजी राजकीय महाविद्यालय में स्वच्छता और गांधी-शास्त्री के जीवन मूल्यों पर प्रतियोगिताएं
सेवा संकल्प अभियान के तहत निबंध, नारा लेखन और पोस्टर निर्माण प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता
BOL PANIPAT , 1 अक्टूबर। डी.बी.जी. राजकीय महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई एवं अर्थशास्त्र विभाग के संयुक्त तत्वावधान में गांधी जयंती के उपलक्ष्य में ‘स्वच्छता ही सेवा : स्वच्छता सबकी जिम्मेदारी’ विषय पर कार्यक्रम तथा निबंध लेखन, नारा लेखन एवं पोस्टर निर्माण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। ये दोनों कार्यक्रम सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुभाष चंद जागलान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी के विचार आज भी हमारे जीवन में प्रासंगिक हैं। गांधी जी ने स्वच्छता को स्वस्थ समाज और सभ्य राष्ट्र की आधारशिला माना था। स्वच्छता केवल सरकार या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाएं तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
दूसरे कार्यक्रम के अंतर्गत निबंध लेखन, नारा लेखन एवं पोस्टर निर्माण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मकता के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा नागरिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।
प्रतियोगिताओं के विजेता
निबंध लेखन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान एम.कॉम. के विद्यार्थी संजीव कुमार सिंह, द्वितीय स्थान बी.ए. प्रथम वर्ष की शीतल तथा प्रिया और तृतीय स्थान बी.एससी. (लाइफ साइंस) द्वितीय वर्ष की स्वीटी ने प्राप्त किया।
पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान बी.ए. की विद्यार्थी मोनी, द्वितीय स्थान बी.ए. की अंजलि तथा तृतीय स्थान बी.ए. के सलीम एवं बी.एससी. (मेजर केमिस्ट्री) की निशी ने प्राप्त किया।
वहीं नारा लेखन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान बी.ए. की नेहा, द्वितीय स्थान एम.एससी. (गणित) की जिज्ञासा तथा तृतीय स्थान बी.एससी. (भौतिक विज्ञान) के विपिन तथा एम.ए. अर्थशास्त्र की निशू ने प्राप्त किया।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी डॉ. शिवम धवन, कुसुम रानी, कविता जैन, नैंसी बजाज, डॉ. वीणा कुमारी, विकास यादव तथा अन्य उपस्थित रहे।
‘सादगी से शिखर तक’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित
इसी क्रम में महाविद्यालय के समाजशास्त्र विभाग द्वारा गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती के उपलक्ष्य में ‘सादगी से शिखर तक—लाल बहादुर शास्त्री का जीवन और आज की युवा पीढ़ी’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में समाजशास्त्र विषय के लगभग 70 विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान खुश्बू, द्वितीय स्थान क्वीन तथा तृतीय स्थान खुशी ने प्राप्त किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुभाष चंद जागलान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि 2 अक्टूबर हमें महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन-मूल्यों को याद करने और उन्हें अपने जीवन में अपनाने की प्रेरणा देता है।
समाजशास्त्री तकदीर सिंह ने लाल बहादुर शास्त्री के प्रसिद्ध नारे ‘जय जवान, जय किसान’ की प्रासंगिकता बताते हुए कहा कि इन शब्दों में देश की सुरक्षा और खाद्य व्यवस्था में जवान एवं किसान के महत्वपूर्ण योगदान का संदेश निहित है। कार्यक्रम में डॉ. मीनाक्षी एवं ज्योति ने सहयोग प्रदान किया। प्राचार्य ने विद्यार्थियों को ऐसे कार्यक्रमों में बढ़-चढक़र भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।

Comments