सुकन्या समृद्धि योजना बालिकाओं के लिए वरदान : उपायुक्त
BOL PANIPAT 19 फरवरी : उपायुक्त सुशील सारवान ने बताया कि भारतीय डाक विभाग द्वारा शुरू की गई सुकन्या समृद्धि योजना बालिकाओं के भविष्य को उज्ज्वल बनाने में कारगर सिद्ध हो रही है । योजना के तहत जिले के किसी भी डाकघर में खाता खुलवाया जा सकता है ।
उपायुक्त ने बताया कि बेटी बचाओ – बेटी पढ़ाओ अभियान को गति देने के लिए डाक विभाग द्वारा सुकन्या समृद्धि योजना को शुरू किया गया है । इस योजना के तहत खाता कम से कम 250 रुपए में खोला जा सकता है । एक वर्ष में खाते में 1 लाख 50 हजार रुपए जमा करवाए जा सकते हैं । सरकार द्वारा जमा राशि व परिपक्वता राशि पर इन्कम टैक्स में छूट दी गई है । उन्होंने बताया कि योजना के तहत बेटी की आयु 18 वर्ष की होने के बाद जब भी शादी करें , खाता बंद करवा सकते हैं ।
विवाह से एक माह पहले या 3 महीने बाद तक खाता बंद करवाया जा सकता है । उन्होंने बताया कि योजना के तहत माता – पिता अपनी बेटी की शिक्षा , शादी हेतु थोड़ा – थोड़ा करके पैसा जमा करवाकर चक्रवृद्धि ब्याज पर पैसा जोड़ सकते हैं । उपायुक्त ने बताया कि इस योजना के तहत 10 वीं की परीक्षा पास करने तथा 18 वर्ष की आयु होने पर लड़की की पढ़ाई / शिक्षा के लिए आधा पैसा भी निकाल सकते हैं तथा शेष राशि शादी के समय निकाली जा सकती है ।
उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत खाता खुलवाने के लिए आवेदन पत्र के साथ बेटी का जन्म प्रमाण पत्र , माता या पिता का फोटो , आई.डी. तथा रिहायशी प्रमाण पत्र संलग्न करना होगा ।

Comments