Wednesday, April 29, 2026
Newspaper and Magzine


पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने किया बाजारों के नाकों का निरीक्षण. लोगों से सहयोग की अपील की.

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at October 15, 2024 Tags: , , , , ,

-बाजारों में ई रिक्शा, ऑटो व माल ढुलाई के अन्य वाहनों का प्रवेश पर सुबह 9 बजे से रात 8 बजे तक प्रतिबंध रहेगा

BOL PANIPAT : 15 अक्तूबर 2024, पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने त्योहारी सीजन में बाजारों की व्यवस्था व यातायात व्यवस्था को सुगम व सुचारु रूप से बनाए रखने को लेकर मंगलवार को बाजारों में लगाए गए नाकों का निरीक्षण किया। उप पुलिस अधीक्षक यातायात सुरेश कुमार उनके साथ रहे। उन्होंने सभी बाजारों में लगाए नाकों और इनके बाद मिली राहत के बारे में विस्तार से बताया।
पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र ​सिंह ने जीटी रोड लालबत्ती चौक, पालिका बाजार, गुरुद्वारा रोड, एसडी कॉलेज रोड और फिर सनौली रोड गुरुद्वारा के पास नाके का निरीक्षण किया।

पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने बताया ​कि बाजारों के प्रधानों के साथ सोमवार को बैठक लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विचार विमर्श किया गया था। बैठक में प्रधानों ने अपने सुझाव दिए थे। इन्हीं के आधार पर मंगलवार को नई व्यवस्था शुरू की गई है। बाजारों को वनवे करने के साथ तीन पहिया व गाड़ियों के लिए प्रतिबंध किया गया है। समीक्षा में कई प्वाइंटों पर सुधार की बात सामने आई है। इनको बुधवार को लागू किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने आमजन से भी इसमें सहयोग की अपील की है। उन्होंने बताया कि यह व्यवस्था आमजन के लिए की गई है। इसमें सबके सहयोग से बेहतर बनाया जा सकता है। लोगों को अपने वाहन एलिवेटेड हाईवे की पार्किंग के नीचे खड़े करने चाहिए। वे इसके बाद बेहतर तरीके से अपनी खरीदारी कर सकते हैं।
पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने बताया कि बैठक के दौरान सुझाव लेने के पश्चात इंसार बाजार, हलवाई हट्टा, गुड़मंडी, पचरंगा बाजार, शाह मार्केट, अमर भवन चौक, चौड़ा बाजार इत्यादी में ई रिक्शा, ऑटो व माल ढुलाई के अन्य वाहनों के प्रवेश पर सुबह 9 बजे से रात 8 बजे तक प्रतिबंध का निर्णय लिया गया था। जिस भी दुकानदार को वाहन में सामान लेकर आना है वह सुबह 9 बजे से पहले व रात को 8 बजे के बाद ला सकते हैं।
बाजार में कुछ दुकानदार दुकानों के बाहर सड़क पर रेहड़ी व फड़ी वालों से पैसे लेकर रेहड़ी लगवा अतिक्रमण करते हैं। इससे जाम की समस्या उत्पन्न होती है। मंगलवार को ऐसे दुकानदारों को जागरूक किया गया है। अब बाजार में ऐसा करते पाए जाने पर दुकानदार व रेहड़ी संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

10 मुख्य स्थानों पर लगाए नाके

बाजारों में व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की चार राइडर निरंतर गश्त पर रही। बाजारों में प्रवेश करने वाले 10 मुख्य प्वाइंट लालबत्तती चौक, चौड़ा बाजार, दिल्ली जूस कार्नर सनौली रोड, अमर भवन चौक, सलारगंज गेट, परमहंस कुटिया, वीर भवन चुंगी, सेठी चौक, सैंट्रल बैंक वाली गली पर बैरिकेडिंग के साथ नाका लगाकर बाजारों में वाहनों के प्रवेश को रोका गया। इसके साथ ही जीटी रोड से गुरूद्वारा रोड, जगन्नाथ रोड, एसडी कॉलेज के साथ लगता रोड ई रिक्शा, ऑटो व माल ढुलाई के अन्य वाहनों के लिए वनवे रखा गया। यहां से प्रवेश कर सनौली रोड पर दिल्ली जूस कार्नर के नजदीक से बाहर निकरा गया। सनौली रोड पर दिल्ली जूस कार्नर से बाजार की तरफ वाहनों का प्रवेश प्रतिबंध रखा गया।

Comments