एटीएम मशीन तोड़कर रूपए चोरी का प्रयास करने वाले आरोपी को थाना शहर पुलिस ने किया गिरफ्तार
25 नवम्बर 2022, जीटी रोड पर लाल बत्ती के नजदीक स्थित सेंट्रल बैंक के एटीएम में 23 अक्तूबर की रात तोड़फोड़ कर रूपए चोरी का प्रयास करने वाले आरोपी को थाना शहर पुलिस ने वीरवार साय बस अड्डे के पास से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान वसीम खान पुत्र रसूलद्दीन निवासी सिरमोर पोंटा साहिब हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई।
थाना शहर प्रभारी इंस्पेक्टर बलराज ने बताया कि थाना शहर में करनाल के सेक्टर 6 निवासी हितेश पुत्र रविंद्र ने शिकायत देकर बताया था कि वह टीएसआई कंपनी में फील्ड मैनेजर कार्यरत है। सेंट्रल बैंक की तरफ से कंपनी ने एटीएम लगाने का ठेका ले रखा है। कंपनी ने पानीपत में लालबत्ती चौक के नजदीक सेंट्रल बैंक का एटीएम लगा रखा है। उसके पास 23 नवंबर की रात को कंपनी की तरफ से फोन आया कि लाल बत्ती के पास सेंट्रल बैंक के एटीएम में कैश चुराने के इरादे से किसी लड़के ने तोड़फोड़ की है। 24 नवम्बर को दिन के समय उसने मौके पर पहुंचकर चेक किया मशीन में तोड़फोड कर रखी थी। परंतु कैश सुरक्षित था। उसने आस पास लगे सीसीटीवी कैमरा में फुटेज को चेक किया जिसमें एक लड़का पत्थर से एटीएम में तोड़फोड़ कर रहा है। उसने राहगिरों को फुटेज दिखाई। वारदात कर रहे आरोपी का नाम वसीम खान निवासी पौंटा साहिब हिमाचल प्रदेश बताया गया। रविंद्र ने शिकायत में बताया आरोपी ने एटीएम को तोड़कर कैश चुराने की कोशिश की है। शिकायत पर थाना शहर में आईपीसी की धारा 457,380,511,427 के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपी की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।
इंस्पेक्टर बलराज ने बताया की थाना शहर पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर दबिस देकर वीरवार साय आरोपी वसीम खान को बस अड्डे के पास से गिरफ्तार किया । पूछताछ में आरोपी वसीम खान ने वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। आरोपी से पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह नशा करने का आदी है। वह पानीपत में किसी काम से आया हुआ था, उसके पास जितने पैसे थे वो सारे खाने पीने में खर्च हो गए थे। 23 नवम्बर की रात उसको जीटी रोड पर लाल बत्ती के नजदीक सेंट्रल बैंक का एटीएम बगैर गार्ड के खुला मिला। एटीएम मशीन से पैसे चोरी करने के लिए उसने पत्थर से एटीएम मशीन पर वार किये, परंतु वह एटीएम मशीन से पैसे चोरी करने में असफल रहा।
इंस्पेक्टर बलराज ने बताया की गहनता से पूछताछ करने के साथ ही आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयोग किया पत्थर बरामद कर पुलिस टीम ने आरोपी वसीम खान को आज माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया।

Comments