बहुत धूमधाम से मनाई गई संविधान निर्माता डा. भीमराव अम्बेडकर की 134 वीं जयंती।
BOL PANIPAT : आज स्थानीय आई. बी.(एल)पब्लिक स्कूल के प्रांगण में बैसाखी समारोह तथा स्वतंत्र भारत के संविधान निर्माता डा॰ भीमराव अम्बेडकर की 134 वीं जयंती बहुत धूमधाम से मनाई गई। इस कार्यक्रम में कक्षा प्रेप 1 से लेकर कक्षा बारहवीं तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रधानाचार्या जयश्री गर्ग , समन्वयक कृति तथा किरण मेंहदीरत्ता ने अंबेडकर की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। बैसाखी पर्व के उपलक्ष्य में कक्षा तीसरी की जन्नत ने मूल मंत्र का उच्चारण किया । डा॰ भीमराव अम्बेडकर तथा बैसाखी की जानकारी बारहवीं कक्षा की कनिका ने दी। विद्यार्थियों ने पंजाबी परिधानों को धारण कर पंजाबी सामग्री का प्रयोग करते हुए एकल नृत्य, युगल नृत्य, सामूहिक नृत्य को प्रस्तुत कर सब का मन मोह लिया। कक्षा छठी से बारहवीं तक के विद्यार्थियों ने बैसाखी पर्व पर लघु नाटिका प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया।

प्रधानाचार्या जयश्री गर्ग ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि हर त्योहार कोई न कोई संदेश लेकर आता हे। बैसाखी का त्योहार आपसी भाई चारे तथा सहयोग का प्रतीक है। पंजाब में फसल कटने पर लोग इस पर्व को मिल जुल कर हर्षोल्लास के साथ मनाते हैं। हमें अपने संस्कारों को न भूलते हुए भाईचारे और सहयोग की भावना से मनाना चाहिए।
उन्होंने डा॰ भीमराव अम्बेडकर के बारे में बताते हुए कहा कि हमारा देश हमेशा डा॰ भीमराव अम्बेडकर का ऋणी रहेगा। उन्होंने बताया कि डा॰ भीमराव अम्बेडकर ने जीवन भर सामाजिक रूप से पिछड़े वर्गों और दलितों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया तथा भारत के नागरिकों को एक समान अधिकार दिलाने के लिए अपने जीवन को समर्पित कर दिया। । उनके इन विचारों का सम्मान करते हुए हम उन्हें वास्तविक श्रद्धांजलि देते हैं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गान के साथ हुआ। प्रबंधक कमेटी के सदस्यों ने सभी को बैसाखी पर्व की शुभकामनाएं दी।
मंच का संचालन रिया ढींगड़ा ने किया।

Comments