बाइक चोरी की वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी गिरफ्तार. चोरी की दो बाइक बरामद .
26 जुलाई 2022, सीआईए-टू पुलिस की टीम ने बाइक चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर आरोपी के कब्जे से चोरी की दो बाइक बरामद की हैं। आरोपी की पहचान नवाब पुत्र रमजानी निवासी बबैल पानीपत के रूप में हुई।
सीआईए-टू प्रभारी इंस्पेक्टर वीरेंद्र ने बताया उनकी एक टीम सोमवार को गश्त के दौरान जीटी रोड पर अनाज मंडी कट के पास मौजूद थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि संदिग्ध किस्म का एक युवक बजाज सीटी बाइक पर सवार नई सब्जी मंडी में किसी अपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर आरोपी युवक को काबू कर पूछताछ की तो उसने अपनी पहचान नवाब पुत्र रमजानी निवासी बबैल पानीपत के रूप में बताई। बाइक के कागजात मांगने पर आरोपी युवक बहाने बाजी करने लगा। गहनता से पूछताछ करने पर आरोपी ने उक्त बाइक एक महीना पहले थाना माडल टाउन क्षेत्र के अंतर्गत दिल्ली पैरलल नहर बाइपास पर शराब के ठेके के पास से चोरी करने बारे स्वीकारा। बाइक चोरी की वारदात बारे थाना माडल टाउन में नंद विहार कालोनी निवासी कुलदीप पुत्र सोहन लाल की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है।
इंस्पेक्टर वीरेंद्र ने बताया बाइक चोरी की अन्य वारदातों बारे पूछताछ करने पर आरोपी ने एक अन्य स्पलेंडर बाइक करीब 15 दिन पहले गांव नारा में घर के बाहर गली से चोरी करने बारे स्वीकारा। बाइक चोरी की उक्त वारदात बारे थाना मतलौडा में गांव नारा निवासी आशीष पुत्र दलबीर की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है। आरोपी की निशानदेही पर उक्त चोरीशुदा बाइक बरामद की गई।
इंस्पेक्टर वीरेंद्र ने बताया गिरफ्तार आरोपी नवाब से पूछताछ में खुलासा हुआ वह नशा करने का आदि है। नशे की लत पूरी करने के लिए पैसो की जरूरत पड़ी तो आरोपी ने बाइक चोरी की वारदात को अंजाम देना शुरू कर दिया। आरोपी नवाब सोमवार को चोरीशुदा बाइक को बेचने के लिए ग्राहक की फिराक में नई सब्जी मंडी में घूम रहा था। आरोपी के कब्जे से चोरी की कुल दो बाइक बरामद कर पुलिस टीम ने आरोपी नवाब को आज माननीय न्यायालय में पेश किया जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया।

Comments