चाकू से भाई पर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार. वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद.
BOL PANIPAT : 24 जुलाई 2024, थाना शहर पुलिस ने गांधी कॉलोनी में चाकू से छोटे भाई पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को सोमवार देर शाम गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान विकास निवासी गांधी कॉलोनी के रूप में हुई।
थाना शहर प्रभारी इंस्पेक्टर राजबीर सिंह ने बताया कि आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद कर पुलिस ने मंगलवार को आरोपी को माननीय न्यायायल में पेश किया जहा से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया।
इंस्पेक्टर राजबीर सिंह ने बताया कि थाना शहर में साधना पत्नी अजय निवासी गांधी कॉलोनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसके पति अजय व जेठ विकास ने 16 जून की रात शराब पी हुई थी। दोनों का परिवार एक ही घर में अलग अलग रहता है। देर रात करीब 1:30 बजे पति अजय व जेठ विकास के बीच कहासुनी हो गई। इसी दौरान जेठ विकास घर के अंदर से सब्जी काटने वाला चाकू उठाकर लाया और अजय के पेट में मारा। चाकू लगते ही पति अजय बेहोश हो गया जिसको वह इलाज के लिए सिविल अस्पताल लेकर गए। बाद में अजय को कल्पना चावला मेडिकल में भर्ती कराया। थाना शहर में साधना की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपी की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।

Comments