घर में चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार. चोरीशुदा दो मोबाइल बरामद.
BOL PANIPAT : 25 अप्रैल 2024, सीआईए टू पुलिस टीम ने समालखा में मनाना मोड़ पर घर में चोरी करने वाले आरोपी को सिवाह बस अड्डे के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान कमल निवासी भगवतीपुर रोहतक हाल गन्नौर के रूप में हुई।

सीआईए टू प्रभारी सब इंस्पेक्टर सौरभ ने बताया कि उनकी टीम को बुधवार देर शाम गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली कि संदिग्ध किस्म का एक युवक सिवाह बस अड्डे के पास घूम रहा है। पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर युवक को काबू कर पूछताछ की तो उसने अपनी पहचान कमल पुत्र रमेश निवासी भगवतीपुर रोहतक हाल गन्नौर के रूप में बताई। गहनता से पूछताछ करने पर आरोपी ने समालखा में मनाना मोड़ के नजदीक 2 मार्च की रात एक मकान से 2 मोबाइल फोन व पर्स चोरी करने की वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। पर्स में 10 हजार रूपये थे। चोरी की उक्त वारदात बारे थाना समालखा में पुतान निवासी बलहान मोतीपुर यूपी हाल किरायेदार मनाना मोड़ समालखा की शिकायत पर अभियोग दर्ज है।
सब इंस्पेक्टर सौरभ ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह नशा करने का आदी है। नशे की लत पूरी करने के लिए पैसों की जरूरत पड़ी तो आरोपी ने चोरी की उक्त वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने चोरी किये 10 हजार रूपये खाने पीने में खर्च कर दिए। आरोपी के कब्जे से चोरीशुदा दो मोबाइल फोन बरामद कर पुलिस ने पूछताछ के बाद वीरवार को आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेजा।

Comments