4 व 5 जुलाई को होने वाली एचटेट परीक्षा निष्पक्ष, पारदर्शी व शांतिपूर्ण ढंग से कराने पर प्रशासन का रहेगा फोकस: उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ
एचटेट-2025 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट, उपायुक्त ने अधिकारियों को सौंपी अहम जिम्मेदारियां
प्रश्नपत्रों की सुरक्षा से परीक्षा संपन्न होने तक रहेगी कड़ी निगरानी, सभी विभागों को दिए स्पष्ट निर्देश
किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी, जिम्मेदारी से निभाएं दायित्व
BOL PANIPAT, 26 जून। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट-2025) के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिला उपायुक्त एवं जिला दंडाधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने शुक्रवार को जिला सचिवालय में पुलिस, शिक्षा, ट्रेजरी, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, बिजली निगम तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक को लेकर परीक्षा संबंधी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की और सभी अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 4 जुलाई, शनिवार को लेवल-3 (पीजीटी) तथा 5 जुलाई, रविवार को लेवल-2 (टीजीटी) और लेवल-1 (पीआरटी) की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। जिले में बनाए गए सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, गोपनीयता, कानून व्यवस्था तथा परीक्षार्थियों की सुविधाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। परीक्षा की पवित्रता बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बोर्ड के निर्देशानुसार प्रश्नपत्रों के सीलबंद ट्रंकों को परीक्षा से एक दिन पहले जिला ट्रेजरी में डबल लॉक व्यवस्था के तहत सुरक्षित रखा जाए। ट्रेजरी परिसर में 24 घंटे पर्याप्त पुलिस बल एवं सशस्त्र सुरक्षा कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए ताकि प्रश्नपत्रों की सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक न हो। उपायुक्त ने कहा कि 4 जुलाई को दोपहर लगभग 12:30 बजे तथा 5 जुलाई को प्रात: लगभग 7:30 बजे प्रश्नपत्रों का वितरण बोर्ड द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जाएगा। प्रत्येक परीक्षा केंद्र के लिए नियुक्त राजपत्रित अधिकारी, बोर्ड प्रतिनिधि तथा पुलिस कर्मियों की संयुक्त टीम प्रश्नपत्रों को सुरक्षित रूप से संबंधित परीक्षा केंद्र तक पहुंचाएगी।
उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर नियुक्त ड्यूटी मजिस्ट्रेट परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे तथा परीक्षा के दौरान लगातार निगरानी रखेंगे। परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं एवं ओएमआर शीटों के सीलबंद पैकेट निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुरक्षित रूप से जिला प्रश्नपत्र स्क्वॉड को सौंपे जाएंगे। बैठक में पुलिस विभाग को निर्देश दिए गए कि सभी परीक्षा केंद्रों एवं ट्रेजरी परिसर में पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किया जाए। परीक्षा केंद्रों के आसपास कानून व्यवस्था बनाए रखने, अनावश्यक भीड़ को रोकने, संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने तथा परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि को तत्काल रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था की जाए। साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस की भी तैनाती सुनिश्चित की जाए।
उपायुक्त ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, बिजली, बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं समय रहते उपलब्ध कराई जाएं। केंद्र अधीक्षक परीक्षा प्रारंभ होने से पहले सभी व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन कर लें तथा बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की पूर्ण रूप से पालना सुनिश्चित करें। उन्होंने ट्रेजरी अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रश्नपत्रों की प्राप्ति, सुरक्षित रख-रखाव एवं वितरण की पूरी प्रक्रिया बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी ढंग से संपन्न की जाए। वहीं स्वास्थ्य विभाग को परीक्षा के दौरान आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं एवं एंबुलेंस उपलब्ध रखने तथा बिजली निगम को सभी परीक्षा केंद्रों एवं ट्रेजरी में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि एचटेट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा की निष्पक्षता एवं विश्वसनीयता बनाए रखना जिला प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी अधिकारी पूर्ण ईमानदारी, पारदर्शिता और समन्वय के साथ कार्य करें तथा अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की गोपनीयता, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बैठक में परीक्षा संचालन से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों को बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, ताकि जिले में एचटेट-2025 का आयोजन पूर्णत: निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके। इस मौके पर नगर निगम अतिरिक्त आयुक्त विवेक चौधरी, सीईओ डॉ किरण, एसडीएम मनदीप कुमार, एसडीएम समालखा अमित कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप, नगराधीश टीनू पोसवाल डीडीपीओ राजेश शर्मा डीएसपी सतीश वत्स, डीईओ राकेश बूरा सीएमओ विजय मलिक के अलावा विभिन्न विभागों से अधिकारी मौजूद रहे।

Comments