वाल्मीकि समाज ने राज्य स्तरीय चिंतन- मनन शिविर का आयोजन किया।
BOL PANIPAT : 5 जून, आज पानीपत के माडल टाउन क्षेत्र में वाल्मीकि समाज ने राज्य स्तरीय चिंतन- मनन शिविर का आयोजन किया। जिसकी अध्यक्षता राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के चेयरमैन इंजीनियर कृष्ण कुमार ने की। इस शिविर में राज्य के सभी जिलों से सफाई कर्मचारियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। रोजमर्रा की कार्यप्रणाली में आने वाली समस्याओं के साथ-साथ समाज में अपने बच्चों को शिक्षित करने, साफ- सफाई व स्वच्छता के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों जैसे सामाजिक, आर्थिक व राजनीतिक मंच पर भी सक्रिय भूमिका निभाने की बात चर्चा का खास मुद्दा रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए आयोग के चेयरमैन इंजीनियर कृष्ण कुमार ने कहा कि वाल्मीकि समाज की स्थिति वर्षों से बदतर हालात में है इसको सुधारने में समाज के चहुंमुखी उत्थान के लिए समाज के लोगों को अपने हकों व दायित्व निर्वहन के प्रति जागरूक होना पड़ेगा। यह जागरूकता ऐसे चिंतन- मनन शिविरों के माध्यम से गली मोहल्लों से लेकर घर-घर तक समाज के लोगों द्वारा पहुंच कर लाई जा सकती है। हर गांव ब्लाक व जिले में ऐसी टोलियों वह मंडलों का गठन होना चाहिए, जो समाज के प्रति जागरूकता लाने के लिए प्रतिबद्ध हों।

सब जानते हैं कि अनुसूचित जाति की श्रेणी में वाल्मीकि जाति के साथ होने वाला बर्ताव किसी से छुपा नहीं है। ऐसे हालात में स्थितियों को अनुकूल बनाने के लिए निरंतर संघर्ष करना जरूरी है। जिसका मुख्य कारण समाज का राजनीतिक रूप से शोषण व उनको सही प्रतिनिधित्व ना मिलना है। इस दौरान विभिन्न जिलों से आए समाज के प्रतिनिधियों ने अन्य राजनीतिक दलों की तरह भाजपा द्वारा भी समाज की अनदेखी का मुद्दा उठाया और समाज को उचित प्रतिनिधित्व देने की बात कही।
इस पर चर्चा करते हुए चेयरमैन कृष्ण कुमार ने सभी को आश्वस्त किया कि दूसरे किसी भी राजनीतिक दल की अपेक्षा भारतीय जनता पार्टी का वाल्मीकि समाज के प्रति काफी लचीला वह सहयोगात्मक रवैया रहा है और मौजूदा भाजपा सरकार ने समाज के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं लागू भी की है। गत वर्ष यानि 4 अप्रैल 2021 को करनाल में आयोजित सफाई कर्मचारियों के सम्मेलन में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा की गई घोषणाएं इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है। फिर भी समाज के लोगों की भावना को मुख्यमंत्री व भाजपा हाईकमान तक पहुंचाने का चेयरमैन ने समाज के लोगों को आश्वासन दिया।
इस अवसर पर आयोग के सदस्य आजाद सिंह, सीताराम, पवन कुमार बोहत, मुकेश, सुखबीर जयकिशन, राजेश कुमार, राजेश वैद्य, ईश्वर सिंह,मुकेश अटवाल, महेश चंद आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Comments