हर पात्र नागरिक का नाम सूची में दर्ज करना लक्ष्य, विशेष गहन पुनरीक्षण पर प्रशासन सख्त: उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ
विशेष गहन पुनरीक्षण में तेजी लाएं, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
हर मतदाता तक पहुंचे गणना प्रपत्र, बीएलओ निभाएं लोकतंत्र के प्रहरी की भूमिका
निर्वाचन आयोग की सीधी निगरानी में एस.आई.आर. अभियान, फील्ड अधिकारियों की बढ़ी जिम्मेदारी
उप निर्वाचन आयुक्त ने वीसी के माध्यम से जानी जिलों की प्रगति, दिए जरूरी निर्देश
टोल फ्री नंबर 1950 पर मिलेगी विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़ी हर जानकारी
BOL PANIPAT , 19 जून। भारत निर्वाचन आयोग के उप निर्वाचन आयुक्त संजय ने शुक्रवार को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा को लेकर प्रदेश के सभी उपायुक्तों, निगम आयुक्तों एवं निर्वाचन विभाग के अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ लागू किया जाए तथा प्रत्येक पात्र मतदाता तक गणना प्रपत्र पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
उप निर्वाचन आयुक्त ने सभी जिलों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए गणना प्रपत्रों के वितरण, डिजिटाइजेशन तथा सत्यापन कार्य की स्थिति जानी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान की नियमित निगरानी की जाए तथा निर्धारित समयावधि में सभी लक्ष्यों को पूरा किया जाए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के उपरांत उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे फील्ड में जाकर बूथ स्तर अधिकारियों के कार्यों का निरीक्षण करें तथा जहां कार्य की गति संतोषजनक नहीं है, वहां जवाबदेही तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाए। डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि जिले के सभी 912 बीएलओ को प्रशिक्षित किया जा चुका है और विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है और उसकी शुद्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने में बीएलओ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा की विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान निर्वाचन प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण है। प्रत्येक बीएलओ यह सुनिश्चित करें कि उनके बूथ क्षेत्र का कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे। गणना प्रपत्रों का वितरण, सत्यापन तथा समय पर जमा करवाना उनकी प्रमुख जिम्मेदारी है। बीएलओ घर-घर संपर्क स्थापित कर मतदाताओं को जागरूक करें और पूरी निष्ठा, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त डॉ हरीश ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी, सहायता या शिकायत के लिए नागरिक भारत निर्वाचन आयोग के टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं। इस हेल्पलाइन के माध्यम से मतदाता सूची, गणना प्रपत्र, नाम जोडऩे, संशोधन तथा अन्य निर्वाचन संबंधी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
गौरतलब है कि जिले में कुल 9 लाख 66 हजार 687 मतदाता हैं। जिले में 4 विधानसभा क्षेत्रों के अंतर्गत कुल 912 बीएलओ कार्यरत हैं। अभियान के तहत अब तक 4 लाख 25 हजार 792 गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं, जो कुल मतदाताओं का लगभग 44.05 प्रतिशत है। प्रशासन द्वारा शत-प्रतिशत वितरण एवं सत्यापन सुनिश्चित करने के लिए अभियान को और अधिक गति दी जा रही है। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य निर्धारित समय से पूर्व पूरा करने का प्रयास करें।
समीक्षा बैठक में निगम आयुक्त डॉ. पंकज, अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे, एसडीएम पानीपत मनदीप कुमार, एसडीएम समालखा अमित कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप, नगराधीश टीनू पोसवाल, डीएसपी सतीश वत्स, डीडीपीओ राजेश शर्मा, डीएमसी अरुण भार्गव, तहसीलदार मनोज, तहसीलदार वीरेंद्र गिल, तहसीलदार कैलाश, बीडीपीओ शक्ति सिंह, शीतल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments