Wednesday, January 21, 2026
Newspaper and Magzine


हरियाणा महिला विकास निगम महिलाओं को देगा चालक व आत्मरक्षा प्रशिक्षण

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at July 2, 2022 Tags: , , , ,

-पहले चरण में पानीपत, झज्जर, कैथल, रोहतक और जींद जिलों को शामिल किया

कार्यक्रम का लाभ उठाने की इच्छुक महिलाएं व लड़कियां 10 जुलाई तक करें आवेदन

BOL PANIPAT , 02 जुलाई। हरियाणा सरकार ने आजादी के अमृत महोत्सव श्रृंखला में अंत्योदय के भाव के साथ गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाली महिलाओं व लड़कियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम चलाया है। हरियाणा महिला विकास निगम के माध्यम से पात्र परिवारों की महिलाओं को चालक व आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जाएगा। हरियाणा महिला विकास निगम ने पहले चरण में पानीपत, कैथल, रोहतक, जींद तथा झज्जर जिलों की इच्छुक पात्र उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।

ईमेल के माध्यम से होगा आवेदन

उपायुक्त सुशील सारवान ने जानकारी देते हुए बताया कि चालक प्रशिक्षण व आत्मरक्षा प्रशिक्षण लेने की इच्छुक महिलाएं और लड़कियां 10 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकती है। आवेदन का प्रोफार्मा हरियाणा महिला विकास निगम के कार्यालय में उपलब्ध है। आवेदन के साथ वांछित प्रमाण पत्रों की सत्यापित प्रतियों सहित ईमेल. 1982hwdc@gmail.com के माध्यम से भेजने होंगे। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार्य नहीं होंगे। इच्छुक पात्र आवेदक द्वारा दूरभाष नंबर ईमेल एड्रेस तथा सक्षम अधिकारी द्वारा जारी प्रमाण पत्रों की सत्यापित प्रतियां संलग्न करना अनिवार्य होगा। ऐसा न करने की सूरत में आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि हरियाणा महिला विकास निगम, पंचकूला द्वारा केवल गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल) जीवन यापन करने वाले परिवारों से लड़कियों व महिलाओं के लिए बहादुरगढ़ तथा कैथल में 21 दिन का चालक प्रशिक्षण तथा आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए लड़कियों व महिलाओं के लिए पात्रता निश्चित की गई है।

यह होगी आवेदन के लिए पात्रता

उन्होंने बताया कि आवेदन करने वाली महिला व लडक़ी हरियाणा राज्य की मूल निवासी तथा आयु 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। उसकी शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास होनी चाहिए। इसमें शैक्षणिक योग्यता को वरीयता दी जाएगी। इसके अलावा आवेदक की अच्छी दृष्टि हो दृष्टिहीनता न हो। वहीं वैध लर्नर लाइसेंस होना चाहिए। यह स्कीम केवल गरीबी रेखा से नीचे यानी बीपीएल परिवारों के लिए है।

प्रशिक्षण के दौरान मिलेगा वजीफा

उन्होंने बताया कि प्रत्येक प्रशिक्षणार्थी को एक हजार रुपए वजीफा भी दिया जाएगा तथा प्रशिक्षण अवधि के दौरान नि:शुल्क खान पान तथा ठहरने की सुविधा भी प्रदान की जायेगी। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला प्रबंधक, महिला विकास निगम से संपर्क किया जा सकता है।

Comments