किराना दुकानदार के बेटे पर पिस्तौल से जानलेवा हमला करने का चौथा आरोपी गिरफ्तार. वारदात में प्रयुक्त देसी पिस्तौल बरामद.
BOL PANIPAT : 03 सितम्बर 2025, गांव निंबरी में किराना दुकानदार के बेट पर पिस्तौल से गोली चला जानलेवा हमला करने मामले में फरार चल रहे चौथे आरोपी को मंगलवार शाम को सीआईए थ्री पुलिस टीम ने गांव निंबरी से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान विकास उर्फ विक्का निवासी निंबरी के रूप में हुई है।
सीआईए थ्री प्रभारी इंस्पेक्टर विजय ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके अपने तीन साथी आरोपियों धनसौली निवासी संदीप, कुराड निवासी मंजीत व सनौली खुर्द निवासी अनुरोध के साथ मिलकर जानलेवा हमला करने की उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कुछ दिन पहले उसकी रजत के साथ बुलेट बाइक के पटाखें बजाने को लेकर कहासुनी हुई थी। इसकी रंजिश रखते हुए उसने अपने तीनों साथी आरोपियों के साथ मिलकर पिस्तौल से जानलेवा हमला करने की वारदात को अंजाम दिया।
सीआईए थ्री पुलिस की टीम आरोपी के संभावित ठीकानों पर दबिश दे रही थी। आरोपी पुलिस पकड़ से बचने के लिए ठीकाने बदल कर छुपकर रह रहा था।
आरोपी ने पूछताछ पुलिस को बताया वह पुलिस पकड़ से बचने के लिए हरिद्वार, कसौल में छुपकर रह रहा था। पुलिस ने आरोपी विकास उर्फ विक्का के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक देसी पिस्तौल बरामद कर बुधवार को पूछताछ के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया।
आरोपी विकास उर्फ विक्का का पहले भी आपराधिक रिकार्ड रहा है। आरोपी के खिलाफ हत्या व प्रिजनर एक्ट के तहत तीन मामलें दर्ज है। आरोपी करीब 2 साल पहले जेल से बेल पर बाहर आया था।
प्रभारी इंस्पेक्टर विजय ने बताया कि मामले में पहले पकड़े जा चुके तीन आरोपियों संदीप, मंजीत व अनुरोध के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक देसी पिस्तौल, 5 जिंदा रौंद व एक कार बरामद कर तीनों आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है।
यह है मामला
थाना चांदनी बाग में गांव निंबरी निवासी बलविंद्र पुत्र प्रेम सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसकी घर के बाहर किराना की दुकान है। 14 जुलाई की शाम करीब 7 बजे उसका छोटा बेटा रजत 18 दुकान पर बैठा हुआ था। तभी गांव निवासी विकास उर्फ विक्का दुकान पर आया जिसने शराब पी हुई थी। विकास उर्फ विक्का दुकान पर आते ही रजत को गाली गलौच करने लगा, रजत ने इसका विरोध किया तो वहा से चला गया। कुछ देर बाद विकास अपने तीन अन्य साथियों के साथ कार में आया और चारों कार से उतरकर गाली गलौच करने लगे। तभी वह भी मौके पर आ गया और पड़ोसी भी इक्कठा हो गए। उन्होंने विकास व उसके साथियों को समझाने की कोशिश की। इसी बीच विकास उर्फ विक्का ने अपने हाथ में ली पिस्तौल से रजत पर गोली चला दी जिसमें वह बाल बाल बच गया। वारदात को अंजाम देकर चारों आरोपी हथियारों सहित कार में बैठकर फरार हो गए। बलविंद्र की शिकायत पर थाना चांदनी में बीएनएस की धारा 109(1), 3(5) व आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी।

Comments