Saturday, June 13, 2026
Newspaper and Magzine


मेहनतकश जनता के हितों और हकों पर हमला करने वाली सरकार कायम है : दरियाव सिंह कश्यप

By LALIT SHARMA , in Politics , at May 29, 2022 Tags: , , ,

BOL PANIPAT : 29 मई आज स्थानीय भगत सिंह स्मारक सभागार में सीपीआई की पानीपत जिला इकाई का सम्मेलन सूरत सिंह देशवाल, मंगल सिंह दिलावरी और राम रतन एडवोकेट की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। वरिष्ठ भाकपा नेता माम चंद सैनी व मंगल सिंह दिलावरी ने सीपीआई का झंडा लहरा कर सम्मेलन की शुरुआत की। सम्मेलन के पूर्व स्मारक में स्थापित शहीदों – भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव – की प्रतिमाओं पर मालार्पण किया गया और पूर्व जिला सचिव कामरेड जयपाल की पुण्यतिथि के चलते उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किये गये।

सम्मेलन का उद्घाटन सीपीआई की राज्य कार्यकारिणी के सदस्य कामरेड माम चंद सैनी ने किया। सीपीआई के राज्य सचिव दरियाव सिंह कश्यप ने राज्य पार्टी की ओर से सम्मेलन मे शामिल प्रतिनीधियों का अभिनंदन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज देश में मजदूर, किसान, कर्मचारी आदि मेहनतकश जनता के हितों और हकों पर हमला करने वाली सरकार कायम है। कामरेड कश्यप ने कहा कि यह सरकार जनता के खून – पसीने की कमाई से खडे़ किये गये सार्वजनिक क्षेत्र को बडे़ बडे़ कारपोरेट घरानों को सौंप रही है। इस जनविरोधी सरकार के कार्यकाल में महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार आसमान छू रहे हैं और जनता का जीवन दूभर हो गया है। उन्होंने कहा कि कम्युनिस्ट दुनिया भर में हर नागरिक को रोजगार, रोटी, कपडा़ और मकान मिलना सुनिश्चित करने तथा शिक्षा और चिकित्सा एक समान तक संघर्ष चलाने के लिए कृतसंकल्प हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया में जब तक आदमी के द्वारा आदमी का शोषण रहेगा तब तक कम्युनिस्ट पार्टी की प्रासंगिकता रहेगी।

सम्मेलन में जिला सचिव पवन कुमार सैनी ने गतिविधियों की रिपोर्ट पेश की। रिपोर्ट पर हुई चर्चा में सेवा सिंह मलिक, सुदर्शन कश्यप, जय भगवान शर्मा, जमशेद राणा, शीश राम तोमर, अशोक पंवार, सुखदेव सिंह, दुर्गा दास, जय भगवान सैनी प्रदीप जिन्दल, हरपाल सिंह आदि ने भाग लिया।

आगामी कार्यकाल के लिए 25 सदस्यों की जिला कौंसिल चुनी गई और कामरेड पवन कुमार सैनी को जिला सचिव तथा राम रतन एडवोकेट को सहायक सचिव चुना गया। सम्मेलन में आगामी 25 – 26 को श्री कृष्णा मन्दिर धर्मशाला गणेश नगर 11 वार्ड पानीपत में होने वाले सीपीआई के राज्य सम्मेलन की तैयारी पर विस्तार से चर्चा की और 25 जून को सम्मेलन को सम्मेलन के खुले अधिवेशन में हजारों की संख्या में सीपीआई के कार्यकर्ताओं, समर्थकों को शामिल करने का फैसला लिया गया। सम्मेलन में जिले की 20 ब्रांचों से चुने हुए 70 प्रतिनीधियों ने भाग लिया।

Comments