बेटियों को केवल शिक्षित करना ही नहीं, बल्कि उन्हें ज्ञान, कौशल और आत्मविश्वास से सशक्त बनाकर आत्मनिर्भर बनाना सरकार का उद्देश्य: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ
पानीपत में बेटियों के लिए उच्च शिक्षा का नया द्वार खुला, सरकारी कन्या महाविद्यालय में दाखिले शुरू
शिक्षा के जरिए बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सरकार का बड़ा कदम
अब घर के नजदीक बेटियों को मिलेगी गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा, बीए और बीकॉम में प्रवेश शुरू
बेटियों की शिक्षा को मिलेगा नया विस्तार, सरकारी कन्या महाविद्यालय पानीपत में 240 सीटों पर दाखिले
BOL PANIPAT , 11 अगस्त। बेटियों की उच्च शिक्षा को मिलेगा नया विस्तार, सरकारी कन्या महाविद्यालय में दाखिले शुरू पानीपत में छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। वर्ष 2026-27 के शैक्षणिक सत्र के लिए गवर्नमेंट कॉलेज फॉर गल्र्स, पानीपत में बीए और बीकॉम पाठ्यक्रमों में दाखिले शुरू हो गए हैं। महाविद्यालय का संचालन डीआईईटी भवन की प्रथम मंजिल, रेड लाइट चौक के नजदीक से किया जा रहा है। महाविद्यालय भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय, खानपुर कलां से संबद्ध है।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति का सबसे मजबूत आधार शिक्षा है और जब बेटियों को बेहतर शिक्षा के अवसर मिलते हैं तो उसका सकारात्मक प्रभाव पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। यहां सरकारी कन्या महाविद्यालय की शुरुआत छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण अवसर है। इससे विशेष रूप से उन छात्राओं को लाभ मिलेगा, जो आर्थिक, सामाजिक या दूरी संबंधी कारणों से उच्च शिक्षा प्राप्त करने में कठिनाई महसूस करती हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य बेटियों को केवल शिक्षित करना ही नहीं, बल्कि उन्हें ज्ञान, कौशल और आत्मविश्वास से सशक्त बनाकर आत्मनिर्भर बनाना है। उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाली बेटियां आगे चलकर रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं, व्यवसाय तथा विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकती हैं। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपनी बेटियों की उच्च शिक्षा को प्राथमिकता दें और उपलब्ध अवसर का लाभ उठाने के लिए उन्हें प्रोत्साहित करें।
डॉ. वशिष्ठ ने कहा कि नए महाविद्यालय में छात्राओं को सुरक्षित एवं सहयोगपूर्ण वातावरण में शिक्षा उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। गुणवत्तापूर्ण शिक्षण के साथ छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए भी बेहतर वातावरण तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा में किया गया निवेश समाज के उज्ज्वल भविष्य में किया गया निवेश है।
प्रिंसीपल सुभाष चंद्र ने बताया कि महाविद्यालय में बैचलर ऑफ आट्र्स (बीए) की 160 सीटें तथा बैचलर ऑफ कॉमर्स (बीकॉम) की 80 सीटें उपलब्ध हैं। बीए में अंग्रेजी, हिंदी, राजनीति विज्ञान, इतिहास, भूगोल, हरियाणा डोमिसाइल, अर्थशास्त्र, कंप्यूटर साइंस, शारीरिक शिक्षा और गणित जैसे विषय उपलब्ध कराए गए हैं। प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण एवं आवेदन उच्चतर शिक्षा विभाग, हरियाणा के केंद्रीकृत प्रवेश पोर्टल के माध्यम से किया जा सकता है। आवेदन प्रक्रिया 9 अगस्त से शुरू हो चुकी है और दाखिले 10 अगस्त से प्रारंभ किए गए हैं।
उपायुक्त ने कहा कि पानीपत में छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा का यह नया संस्थान आने वाले समय में महिला शिक्षा को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि छात्राओं को प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी आसानी से उपलब्ध कराई जाए और किसी भी छात्रा को आवेदन के दौरान अनावश्यक परेशानी न हो।

Comments