Wednesday, July 22, 2026
Newspaper and Magzine


विद्यार्थियों के लिए “Premier Banker” इंटर्नशिप कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र का आयोजन किया गया।

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at July 22, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT : आई.बी. (पी.जी.) महाविद्यालय, पानीपत के इंटर्नशिप सेल द्वारा बी.कॉम, बी.ए. एवं बीबीए के विद्यार्थियों के लिए आईसीटी अकादमी के सहयोग एवं इन्फोसिस फाउंडेशन के प्रयोजन में “Premier Banker” इंटर्नशिप कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को बैंकिंग एवं वित्तीय क्षेत्र की कार्यप्रणाली, आवश्यक कौशल तथा उद्योग की वर्तमान मांगों से परिचित कराकर उन्हें रोजगार के लिए तैयार करना है।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह ने आईसीटी अकादमी से उपस्थित शुभम वर्मा (रिलेशनशिप मेनेजर) एवं जितेंद्र कुमार (सीनियर एसोसिएट प्रोजेक्ट मैनेजर)  को पौधा एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर किया। प्राचार्य ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी युग में केवल पुस्तकीय ज्ञान सफलता के लिए पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों को अपने ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ना होगा। उन्होंने कहा कि इंटर्नशिप विद्यार्थियों को वास्तविक कार्यस्थल का अनुभव प्रदान करती है, जिससे उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता तथा समस्या-समाधान कौशल का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रत्येक प्रशिक्षण सत्र में सक्रिय भागीदारी करने तथा इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने कहा कि ऐसे उद्योगोन्मुख कार्यक्रम राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) की भावना के अनुरूप विद्यार्थियों को रोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

कार्यक्रम की इंटर्नशिप सेल कोऑर्डिनेटर डॉ. चेतना नरूला ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण उद्योग और शिक्षा के बीच की दूरी को कम करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व विकास में सहायक सिद्ध होगा।

कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन महाविद्यालय की सॉफ्ट स्किल ट्रेनर शिखा जुनेजा द्वारा किया गया। उद्घाटन सत्र में महाविद्यालय की उप-प्राचार्या व हेड फैकल्टी ऑफ आर्ट डॉ. शशि प्रभा मलिक, डॉ. किरण मदान (आई.आई.सी कन्वीनर),डॉ सुनित शर्मा (हेड फैकल्टी ऑफ़ कॉमर्स ) , डॉ. पूनम मदान (हेड, डिपार्टमेंट ऑफ मार्केटिंग), डॉ. निधान सिंह (हेड, फैकल्टी ऑफ साइंसेस), डॉ. विक्रम कुमार (आई क्यू ए सी कन्वीनर) ,एवं प्रो. सोनिया (हेड डिपार्टमेंट ऑफ फिजिक्स) भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं । कार्यक्रम के सफल आयोजन में सुश्री शालू (स्किल कोऑर्डिनेटर) की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर वर्षा व महाविद्यालय के अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे और उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन में अपना सहयोग प्रदान किया।

Comments


Leave a Reply