आई.बी. (पी.जी.) कॉलेज, पानीपत में विश्व संगीत दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया
BOL PANIPAT : आई.बी. (पी.जी.) कॉलेज, पानीपत के संगीत विभाग द्वारा विश्व संगीत दिवस बड़े उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन संगीत के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा विद्यार्थियों में संगीत कला के प्रति रुचि विकसित करने के उद्देश्य से किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं आई.बी. कॉलेज मैनेजमेंट कमेटी के महासचिव एल. एन. मिगलानी ने अपने संबोधन में संगीत के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संगीत केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास, मानसिक शांति और सांस्कृतिक संरक्षण का सशक्त साधन है। उन्होंने विद्यार्थियों को भारतीय संगीत की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ सतवीर सिंह ने संगीत को मानव जीवन की आत्मा बताते हुए विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की। संगीत गायन विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. मोनिका वर्मा ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा विभाग की गतिविधियों की जानकारी दी। वादन विभाग की विभागाध्यक्षा डॉ. भगवंत कौर ने भी संगीत के शैक्षिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत की गई मनमोहक संगीत प्रस्तुतियाँ रहीं, जिनमें शास्त्रीय, सुगम एवं लोक संगीत की झलक देखने को मिली। प्रसिद्ध तबला वादक श्री अमन कुमार ने अपनी उत्कृष्ट तबला वादन प्रस्तुति से उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में प्रो. अश्विनी गुप्ता, रुहानी, निशा गुप्ता, अंजली, अंजुश्री, राजेशबाला, विशाल यादव तथा मनीष कुमार, डॉ. नीतू मनोचा, डॉ. वसुंधरा मदान, डॉ. पूजा मलिक, शालू एवं शिखा जुनेजा सहित अनेक गणमान्य शिक्षकों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज करवाई।
अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। यह आयोजन विद्यार्थियों और उपस्थित जनसमूह के लिए प्रेरणादायी एवं यादगार सिद्ध हुआ।

Comments