जिला न्यायालय पानीपत व समालखा में गूंजा योग का संदेश, 160 प्रतिभागियों ने किया उत्साहपूर्ण सहभाग
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर न्यायिक अधिकारियों ने दिया स्वास्थ्य का मंत्र, योगासन-प्राणायाम से जागरूक हुए प्रतिभागी
BOL PANIPAT , 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला न्यायालय परिसर पानीपत तथा उपमंडल समालखा में योग कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया।
जिला न्यायालय, पानीपत में आयोजित कार्यक्रम में योगेश चौधरी, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, पानीपत, महेन्द्र सिंह, मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी, पानीपत, पुनीत लिम्बा, माननीय पीएमजेजेबी, पानीपत तथा अखिल गर्ग, माननीय न्यायिक दण्डाधिकारी (जूनियर डिवीजन), पानीपत की गरिमामयी उपस्थिति रही।
वहीं उपमंडल समालखा में आयोजित योग कार्यक्रम में संजय, न्यायिक दण्डाधिकारी (सीनियर डिवीजन), समालखा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में आयुष विभाग के योग प्रशिक्षक दिनेश एवं संजय ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास करवाया तथा योग के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों के बारे में जानकारी दी।
योग दिवस कार्यक्रम में कुल 160 प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारीगण, न्यायालय कर्मचारीगण एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस अवसर पर सभी उपस्थितजनों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

Comments