Tuesday, May 26, 2026
Newspaper and Magzine


पुलिस की नशा मुक्त टीम ने गढ़ सरनाई गांव के सरकारी स्कूल में विद्यार्थियों को किया जागरूक. गांव में डोर-टू-डोर अभियान चलाया.

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at February 6, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT , 06 फरवरी : पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह, आईपीएस के कुशल नेतृत्व में जिला पानीपत पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ एक विशेष और व्यापक जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत गठित नशा मुक्त टीम ने शुक्रवार को गढ़सरनाई गांव में सरकारी स्कूल का दौरा कर विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।

नशा मुक्त टीम ने स्कूल में उपस्थित विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि नशा व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक, आर्थिक और सामाजिक जीवन को पूरी तरह से प्रभावित करता है। टीम ने कहा कि नशे के सेवन से न केवल स्वास्थ्य खराब होता है, बल्कि व्यक्ति की पढ़ाई, करियर और भविष्य भी अंधकारमय हो जाता है। विद्यार्थियों को समझाया गया कि नशा धीरे-धीरे व्यक्ति को बर्बादी की ओर ले जाता है और पूरे परिवार को भी मानसिक व आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कार्यक्रम के दौरान सभी विद्यार्थियों को जीवन में कभी भी नशा न करने की शपथ दिलाई गई।

इसके पश्चात नशा मुक्त टीम द्वारा गांव में डोर-टू-डोर अभियान चला ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। टीम ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने बच्चों और युवाओं पर विशेष ध्यान दें और उन्हें नशे से दूर रखने में सहयोग करें। साथ ही यह भी बताया गया कि यदि आसपास कहीं नशे की बिक्री हो रही हो या कोई व्यक्ति नशे का आदी हो, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।

जिले में नशा मुक्त अभियान के नोडल अधिकारी डीएसपी नरेंद्र सिंह ने कहा कि युवाओं को नशे की गर्त में जाने से बचाने के लिए जिला पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही नशे के खिलाफ सबसे बड़ा हथियार है। इसी उद्देश्य से स्कूलों, कॉलेजों और गांवों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। डीएसपी नरेंद्र सिंह ने कहा कि युवा पढ़ाई के साथ-साथ खेलों और सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेकर अपने जीवन को सही दिशा दे सकते हैं।
आमजन से अपील की गई कि यदि उन्हें नशे से संबंधित कोई भी जानकारी मिले तो जिला पुलिस को सूचित करें या नेशनल नारकोटिक्स मानस (MANAS) हेल्पलाइन नंबर 1933 पर संपर्क करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्ण रूप से गोपनीय रखी जाएगी।

Comments