पटाखे छोड़ने वाली बुलेट बाइक चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस ने कसा शिकंजा. 14 बाइकों को किया इंपाउंड.
BOL PANIPAT : 23 मार्च 2023, यातायात उप-पुलिस अधीक्षक संदीप ने बताया कि पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन के निर्देशानुसार पानीपत यातायात पुलिस द्वारा पटाखे छोड़ने वाली बुलेट बाइक चालकों व यातायात नियमों की उल्लंघना करने वाले चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया है। शहर ट्रैफिक इंचार्ज इंस्पेक्टर रोशनलाल ने वीरवार को टीम के साथ रामलाल चौक, आठ मरला चौक, माडल टाउन में स्थित रविन्द्रा अस्पताल के पास व तहसील कैंप मोड़ पर नाकाबंदी कर वहा से गुजरने वाली सभी बुलेट व अन्य बाइकों की गहनता से जांच करते हुए पटाखे छोड़ने वाली 14 बुलेट बाइकों को इंपाउंड किया।

उप-पुलिस अधीक्षक संदीप ने बताया कि कुछ शरारती किस्म के व्यक्ति हुड़दंग बाजी मचाने के लिए बाइक के साइलेंसर को मॉडिफाई करवा उससे जगह-जगह पटाखें फोड़ने की आवाज निकालते हुए चलते है, जो जिले में शांत माहौल को खराब करने का कार्य करते है। इस प्रकार की आवाज से हृदय रोग के मरीजों को भी काफी दिक्कत होती है। शहर वासियों से इस बारे में शिकायतें भी सुनने को मिल रही थी कि रात के समय इस प्रकार की आवाजे सुनने से उनकी नींद खराब होने के साथ ही कोई वारदात घटीत होनें का अंदेशा भी लगा रहता है।
उप-पुलिस अधीक्षक संदीप ने बताया कि पुलिस अधीक्षक श्री शशांक कुमार सावन के दिशा निर्देशानुसार जिला ट्रैफिक पुलिस द्वारा यातायात नियमों की पालना करवाने के उद्देश्य से यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। बाइकों पर आवारागर्दी करने वाले युवकों पर नकेल कसने के लिए ट्रैफिक पुलिस और ज्यादा सख्ती से जांच करेंगी। उन्होंने कहा की किसी की बाइक पर इस तरह के साइलेंसर लगे हैं तो उसके चालक उसे स्वयं उतरवा लें। अन्यथा उल्लंघना करते पाए जाने पर चालान करने के साथ ही बाइक को इंपाउंड किया जाएगा।
उन्होंने बताया की बाइकों पर पटाखे बजाने वाला साइलेंसर लगाने वाले मैकेनिकों को भी चिन्हित किया जा रहा है, जिनके खिलाफ भी कार्रवाही करने की प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी। गत दिनों भी ऐसे मैकेनिकों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई गई थी।

Comments