Monday, July 27, 2026
Newspaper and Magzine


बीते 6 माह के दौरान चोरी की वारदातों में 36%, लूट में 64%, वाहन चोरी में 25% और झपटमारी में 48% की कमी आई

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at July 27, 2026 Tags: , , , , , ,

दो शातिर चोर गिरोह का सफाया कर इनके 6 आरोपियों को जेल की सलाखों के पीछे भेजा गया; इनसे 11 वारदातें सुलझीं, 4 लाख 47 हजार रूपए की चोरीशुदा संपत्ति बरामद की गई

अपराध व अपराधियों को किसी भी रुप में पनपने नही दिया जाएगा : एसपी भूपेंद्र सिंह आईपीएस

BOL PANIPAT , 27 जुलाई : पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के कुशल नेतृत्व व मार्गदर्शन में जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के साथ ही अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पानीपत पुलिस द्वारा चलाए गए अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। अपराध नियंत्रण को लेकर अपनाई गई रणनीति का असर अब अपराध के आंकड़ों में भी दिखाई देने लगा है। वर्ष 2026 के पहले छह माह में चोरी, लूट, झपटमारी और वाहन चोरी जैसी वारदातों में पिछले वर्ष की तुलना में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है।

जिला पुलिस ने बीते 6 माह के दौरान गृह भेदन व साधारण चोरी के 2 गैगों का सफाया कर इनके 6 आरोपियों को काबू कर जेल की सलाखों के पीछे भेजने का काम किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों से चोरी की 11 वारदातों का खुलासा हुआ तथा उनके कब्जे से 4 लाख 47 हजार रूपए की चोरीशुदा संपत्ति व नगदी बरामद की गई।

पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के मार्गदर्शन में पानीपत पुलिस की कड़ी मेहनत के परिणाम स्वरूप वर्ष 2025 की तुलना में वर्ष 2026 में 1 जनवरी से 21 जुलाई तक अपराध के ग्राफ में लगातार गिरावट दर्ज हुई है। चोरी के मामलों में 36 प्रतिशत, लूट में 64 प्रतिशत, झपटमारी में 48 प्रतिशत तथा वाहन चोरी में 25 प्रतिशत की कमी आई है।
वर्ष 2025 में इसी अवधि के दौरान चोरी के 525 मामले दर्ज हुए थे, जबकि इस वर्ष यह संख्या घटकर 338 रह गई। वाहन चोरी के मामले 425 से घटकर 330, लूट के मामले 45 से घटकर 16 और झपटमारी के मामले 41 से घटकर 21 पर आ गए हैं।

पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस का उद्देश्य केवल अपराधियों को गिरफ्तार करना ही नहीं, बल्कि अपराध की जड़ों पर प्रहार कर जिले में सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण स्थापित करना है। इसी उद्देश्य से पुलिस लगातार गश्त, तकनीकी संसाधनों के उपयोग और खुफिया तंत्र को मजबूत करने पर काम कर रही है।

अपराधियों के लिए जिले में कोई जगह नहीं

पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिले में अपराध और अपराधियों को किसी भी रूप में पनपने नहीं दिया जाएगा। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले प्रत्येक व्यक्ति के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पानीपत पुलिस “सेवा, सुरक्षा और सहयोग” के मूल मंत्र के साथ निष्पक्ष जांच, पीड़ितों को समयबद्ध न्याय तथा दोषियों को कानून के अनुसार सजा दिलाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने इस उपलब्धि का श्रेय जिले के सभी पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों तथा आमजन के सहयोग को देते हुए कहा कि जनता का विश्वास और सहयोग ही पुलिस की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी अपराधियों के विरुद्ध इसी प्रकार की सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी, जिससे जिले में कानून व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा आमजन स्वयं को सुरक्षित महसूस करेंगे।

Comments


Leave a Reply