कांवड़ यात्रा में नहीं रहेगी कोई कमी, सुरक्षा और सुविधाएं सर्वोच्च प्राथमिकता: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ
श्रद्धालुओं की सेवा में प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद, कानून व्यवस्था पर पुलिस की पैनी नजर: पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह
कांवड़ मार्गों का उपायुक्त व एसपी ने किया निरीक्षण, हर विभाग को दिए सख्त निर्देश
सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित होगी कांवड़ यात्रा, प्रशासन की तरफ से तैयारियों को दिया गया अंतिम रूप
BOL PANIPAT , 30 जुलाई। कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। इसी कड़ी में वीरवार को उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ और पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने सनौली खुर्द सहित विभिन्न प्रमुख कांवड़ मार्गों और शिविर स्थलों का विस्तृत निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध आवागमन के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने सडक़ों की व्यापक सफाई, बिजली व्यवस्था को दुरुस्त रखने, मार्गों पर पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने, रिफ्लेक्टिव टेप लगाने, सडक़ किनारे उगी अनावश्यक घास को तत्काल हटाने तथा सभी स्पीड ब्रेकरों पर सफेदी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा महापर्व है और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। उपायुक्त ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल व्यवस्थाएं करना नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था स्थापित करना है जिससे प्रत्येक कांवडिय़ा स्वयं को सुरक्षित, सम्मानित और सुविधाजनक वातावरण में महसूस करे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ मार्गों पर हर छोटी-बड़ी आवश्यकता का पहले से आकलन कर उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी उत्पन्न न हो।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने कानून व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की समीक्षा करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बहुस्तरीय और पूरी तरह सतर्क रहेगी। पुलिस बल संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखेगा तथा ट्रैफिक पुलिस द्वारा वाहनों के सुचारु संचालन के लिए विशेष योजना लागू की जाएगी। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यातायात व्यवस्था ऐसी बनाई जाए जिससे कांवडिय़ों की यात्रा निर्बाध रहे और आम नागरिकों को भी असुविधा न हो। सभी महत्वपूर्ण मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने ड्रेन नंबर-2 पर निर्माणाधीन पुल का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवडिय़ों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस पुल को चालू किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को रास्ता बदलना ना पड़े और उनकी यात्रा सुरक्षित एवं सहज बनी रहे। प्रशासनिक अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान मुख्य मार्गो का भी गहन निरीक्षण किया तथा मार्गों पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाने पर विशेष जोर दिया। प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि रात के समय भी कांवडिय़ों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए, इसलिए प्रकाश व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त रखी जाए। इस अवसर पर जिला परिषद मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. किरण सिंह, एएसपी हर्षित गोयल, डीएसपी सुरेश सैनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments