Wednesday, June 3, 2026
Newspaper and Magzine


नौकरी लगवाने के नाम पर धोखाधड़ी करने मामले में तीसरा आरोपी गिरफ्तार

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at August 28, 2025 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT : 28 अगस्त 2025, सीआईए टू पुलिस की टीम बिशन स्वरूप कॉलोनी निवासी युवक से रेलवे में नौकरी लगवाने के नाम पर 10 लाख रूपये की धोखाधड़ी करने मामले में फरार चल रहे गिरोह के तीसरे आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार कर लाई। आरोपी की पहचान कुरूक्षेत्र निवासी प्रभजोत के रूप में हुई है।

सीआईए टू प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके अपने दो साथी आरोपियों आर्य नगर निवासी रविंद्र व करनाल के सिंगोह गांव निवासी जितेंद्र उर्फ बबलू के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा।
पुलिस ने आरोपी प्रभजोत को वीरवार को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ करने से साथ ही उसके हिस्से में ठगी की नगदी बरामद करने का प्रयास करेगी।

प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके दो आरोपियों रविंद्र व जितेंद्र ने पूछताछ में अपने साथी आरोपी प्रभजोत के साथ मिलकर शार्टकट तरिके से पैसे कमाने के लिए प्रभजोत के अंबाला स्थित ऑफिस में बैठकर ठगी की साजिश रचकर वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा था। आरोपी रविंद्र व जितेंद्र के कब्जे से ठगी की नगदी में से बचे 1 लाख रूपए व फर्जी दस्तावेज बरामद कर दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर जेल भेजने के बाद पुलिस ने आरोपी प्रभजोत की धरपकड़ शुरू कर दी थी।

यह है मामला

थाना शहर में बिशन स्वरूप कॉलोनी निवासी युधिष्ठर ने मई 2022 में पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसके साथ नौकरी लगवाने के नाम पर 10 लाख रूपए की धोखाधड़ी हुई है। शिकायत में युधिष्ठर ने बताया था कि आर्य नगर निवासी रविंद्र दहिया पुत्र हरिकिशन के साथ उसकी करीब 17 साल से जान पहचान है। जून 2020 में रविंद्र ने उसके भाई गुलशन से कहा उसकी बड़े अफसरों के साथ जान पहचान है, और उसके पास स्पोर्ट्स कोटे से सरकारी नौकरियों की रिक्तियां है। वह युधिष्ठर को रेलवे में सरकारी नौकरी लगवा देगा और सारे कागजात भी स्वंय तैयार करवाने बारे कहा। कागजात का खर्च 50 हजार रूपए बताया।
रविंद्र ने विश्वास दिलाकर 7 लाख रूपए देने को कहा। उसने 12 जूलाई 2020 को 35 हजार, 17 जूलाई को 15 हजार रूपए उसके खाते में डाल दिए। इसके अतिरिक्त फरवरी 2021 तक 5 लाख 43 हजार रूपए उसके खाते में ट्रांसफर व 3 लाख 60 हजार रूपए नगद रविंद्र दहिया को दिए।
जून 2021 में रविंद्र ने लेटर देकर पानीपत रेलवे स्टेशन पर स्टेशन मास्टर को रिपोर्ट करने बारे कहा। वह रविंद्र द्वारा दिये गए दस्तावेज लेकर पानीपत स्टेशन पर जाकर स्टेशन मास्टर से मिला । स्टेशन मास्टर ने कागजात फर्जी बताते हुए कहा की यहा किसी प्रकार की ऐसी वेकेंसी नही है। युधिष्ठर ने शिकायत में बताया की आरोपी ने नौकरी लगवाने के नाम पर उसके साथ 10 लाख रूपए की धोखाधड़ी कर ली। युधिष्ठर की शिकायत पर नामजद आरोपी रविंद्र दहिया निवासी पानीपत, जितेंद्र निवासी कुरूक्षेत्र, प्रभजोत निवासी अंबाला, अविनाश व प्रवीन निवासी करनाल, गोतम निवासी दिल्ली, रमीज राजा निवासी मध्य प्रदेश व रेखा रानी के खिलाफ थाना शहर में आईपीसी की धारा 420,467,468,471,120बी के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाही अमल में लाई गई थी।

Comments