बाइक व मोबाइल चोरी करने वाले तीन शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी की बाइक व 11 मोबाइल फोन बरामद
BOL PANIPAT , 03 अक्तूबर । एंटी एक्सटार्सन सेल पुलिस टीम ने बाइक व मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह के तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक बाइक व 11 मोबाइल फोन बरामद किए है। आरोपियों की पहचान सागर उर्फ छोटा निवासी पुगथला, दीपक निवासी मोई सोनीपत व विजय निवासी चावला कॉलोनी के रूप में हुई है।
एंटी एक्सटार्सन सेल इंचार्ज सब इंस्पेक्टर गौरव ने बताया कि उनकी टीम को शुक्रवार शाम को गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि संदिग्ध तीन युवक एक एचएफ डिलक्स बाइक पर सवार होकर बलजीत नगर नाका के नजदीक पावर हाउस के पास घूम रहे है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर तीनों युवकों काबू कर पूछताछ की। बाइक के कागजात दिखाने के लिए कहा तो तीनों टालमटोल करने लगे। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों बाइक 24 सितंबर को चोटाला रोड पर शिव चौक के पास शिव मंदिर के बाहर से चोरी करना स्वीकार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने बाइक चोरी करने के साथ मंदिर परिसर में सो रहे युवक की जेब से मोबाइल फोन व पर्स भी चोरी किया था। बाइक व पर्स चोरी की वारदात के संबंध में थाना चांदनी बाग में रामनिवास पुत्र हनुमत सिंह निवासी सौदापुर की शिकायत पर अभियोग दर्ज है।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान सागर उर्फ छोटू पुत्र रामदिया निवासी पुगथला, दीपक पुत्र भीमसिंह निवासी मोई सोनीपत व विजय पुत्र धर्मबीर निवासी चावला कॉलोनी के रूप में हुई है।
इंचार्ज सब इंस्पेक्टर गौरव ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने अलग-अलग स्थानों से 10 अन्य मोबाइल फोन चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के उक्त 10 मोबाइल बरामद कर इनके मालिकों की पहचान न होने पर मोबाइलों को 106 बीएनएसएस के तहत कब्जे में लिया गया। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे तीनों नशा करने के आदी हैं। तीनों आरोपियों ने चोरी किए पर्स में मिली नकदी खर्च कर दी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की बाइक, आरसी व कुल 11 मोबाइल फोन बरामद कर शनिवार को पूछताछ के बाद तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया गया।
यह है मामला:
थाना चांदनी बाग में रामनिवास पुत्र हनुमत सिंह निवासी सौदापुर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह प्लंबर का काम करता है। 24 सितंबर को वह काम पूरा होने के बाद बाइक पर चौटाला रोड से घर लौट रहा था। रास्ते में शिव चौक स्थित मंदिर के पास पहुंचने पर वह आराम करने के लिए रुका और मंदिर में लेट गया। थोड़ी देर बाद उठकर देखा तो उसकी बाइक, मोबाइल व पर्स नहीं मिला। पर्स में बाइक की आरसी अन्य जरूरी कागजात व करीब 5/6 हजार रुपए थे। अज्ञात चोर बाइक व उक्त सामान चोरी कर ले गए। थाना चांदनी बाग में रामनिवास की शिकायत पर बीएनएस की संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच व आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।

Comments